एजेंसियां: भारत की महिला बैडमिंटन टीम ने रविवार को मलेशिया के सेलांगोर में कड़े फाइनल में थाईलैंड को 3-2 से हराकर बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है, जब भारत ने खेल के इतिहास में प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टीम चैंपियनशिप का खिताब जीता है। पीवी सिंधु, गायत्री गोपीचंद-ट्रीसा जॉली और किशोर सनसनीखेज अनमोल खरब ने अपने-अपने मैच जीते, जिससे भारत ने रविवार को शाह आलम में फाइनल 3-2 से जीता।
चोट के बाद वापसी के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रही पीवी सिंधु ने सुपनिंदा काटेथोंग को केवल 39 मिनट में 21-12, 21-12 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत 2-0 से आगे हो गया, जब गायत्री गोपीचंद और जॉली ट्रीसा ने तीन गेम के कड़े मुकाबले में जोंगकोलफाम कितिथाराकुल और रावविंडा प्राजोंगजाल को हरा दिया। गायत्री और जॉली ने अपना हौसला बरकरार रखा और अंतिम गेम में 6-11 से पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए पांच मैचों के मुकाबले के पहले डबल मैच में थाईलैंड को 21-16, 18-21, 21-16 से हरा दिया।