गुयाना : वेस्टइंडीज ने प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। कीवी टीम से मिले 268 रनों के लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने सिर्फ 3 विकेट खोकर 48.5 ओवर में हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जॉन कैंपबेल 11 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने। हालांकि, इसके बाद अकीम ऑगस्टे और कीसी कार्टि ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 64 रन जोड़े। ऑगस्टे 58 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
कार्टि एक छोर पर डटे रहे और उन्हें कप्तान शाई होप के रूप में बढ़िया जोड़ीदार मिला। कार्टि-होप ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 153 गेंदों में 131 रनों की अहम साझेदारी निभाई और मुकाबले को एकतरफा कर दिया। हालांकि, कार्टि शतक से चूक गए और 112 गेंदों में 95 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान होप 92 गेंदों में 4 चौके और चार छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड भी 22 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
इससे पहले, न्यूजीलैंड की पूरी टीम 267 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम को हेनरी निकोल्स और विल यंग ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। निकोल्स 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि यंग ने 63 गेंदों में 49 रन बनाए। मार्क चैपमैन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 27 रन बनाकर आउट हुए। डेरिल मिचेल ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 73 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाए।
टॉम लाथम 25 रन ही बना सके, तो माइकल ब्रेसवेल ने 29 रनों का योगदान दिया। कप्तान मिचेल सैंटनर 21 रन बनाकर अल्जारी जोसेफ का शिकार बने। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की तरफ से अल्जारी जोसेफ ने 41 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि 19 वर्षीय युवा स्पिनर विटेल लॉज ने 54 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।