चंडीगढ़ : रक्षा बलों की तैयारी संबंधी शिक्षा में पंजाब के बढ़ते दबदबे की शानदार तस्वीर पेश करते हुए महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस संस्थान के 10वें कोर्स के कैडेट जसनूर सिंह ने कम्बाइंड डिफेंस सर्विसेज (सी.डी.एस.) एयर फोर्स सूची में ऑल इंडिया रैंक में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
पठानकोट के एक व्यवसायी के पुत्र जसनूर सिंह अब प्री-फ्लाइंग ट्रेनिंग कोर्स के लिए हैदराबाद में एयर फोर्स अकादमी जाएंगे। जसनूर की इस उपलब्धि के साथ संस्थान ने देश भर में पांचवीं बार शीर्ष रैंक प्राप्त करने में सफलता हासिल की है और पिछले दो वर्षों में संस्थान का यह तीसरा सम्मान है, जो मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार द्वारा युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए किए जा रहे ठोस प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इसके अलावा रोपड़ के कैडेट सुखराज सिंह हीरा ने चौथा ऑल इंडिया रैंक प्राप्त किया है और सुखराज अब जून 2026 में शुरू होने वाले 161वें कोर्स के लिए इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए), देहरादून में शामिल होंगे।
पंजाब के रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने इन दोनों कैडेटों को दिल से बधाई देते हुए कहा, ‘‘यह भारत के रक्षा बलों के भविष्य के अधिकारियों बनने के लिए उनका सफर शुरू होने जा रहा है। मैं उन्हें पूर्ण समर्पण और गंभीरता के साथ अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। पंजाब को इन होनहार युवाओं की उपलब्धि पर सच्चे में गर्व है।’’
संस्थान के डायरेक्टर मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच. चौहान, वी.एस.एम. ने कैडेट जसनूर और सुखराज को संस्थान तथा पंजाब का गौरव बढ़ाने के लिए बधाई दी और कहा, ‘‘हम एनडीए-156 कोर्स की मेरिट सूची का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें हमें एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।’’