चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा के सत्ता में आने के बाद नशा बेचने वालों को राज्य से बाहर खदेड़ दिया जाएगा , साथ ही जो युवा नशे की गिरफ़्त में फंसे हुए हैं उनका नशा छुड़वाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा। यही नहीं पंजाब में फैली गुंडागर्दी को ख़त्म करके स्वच्छ प्रशासन देंगे। सैनी पंजाब के अमृतसर के रामपुरा में मीडिया के सवालों का ज़वाब दे रहे थे। उन्होंने पंजाब की "आप सरकार" पर चुनावी वायदा खिलाफी का आरोप लगाया और कहा आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में ईमानदार शासन देने का वायदा किया था , लेकिन ये सरकार तो पूर्व की कांग्रेस सरकार से भी ज्यादा बड़ी भ्रष्टाचारी निकली। पिछले दिनों एक टॉवर से नोट उड़े थे , सब लोग जानते हैं , ये कहाँ से आये ?
उन्होंने कहा कि इन्होने युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था , लेकिन आज आप-पार्टी के एमएलए तथा मंत्रियों के रिश्तेदार तथा उनके इर्द-गिर्द वाले ही नौकरी पा रहे हैं , राज्य का मेहनती युवा अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रहा है।
नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग में पदों की निकली भर्ती लिस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने खुद कोर्ट के समक्ष स्वीकार किया है कि उनसे गलती हुई है। उन्होंने कहा कि युवा ही नहीं महिला और कर्मचारी वर्ग भी राज्य सरकार से परेशान है। कोर्ट के आदेश के बाद भी कर्मचारियों को उनका डीए नहीं दिया जा रहा है। यही नहीं उनको वेतन भी देरी से मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में जहाँ हर जिला में मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है , वहीँ पंजाब में कितने कॉलेज खोले हैं पंजाब के मुख्यमंत्री इसका जवाब दें। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास जताते हुए पंजाब में भाजपा को सत्ता में लाएंगे तो हरियाणा की सभी कल्याणकारी नीतियों को पंजाब में भी लागू करेंगे।