जालंधर : पंजाब के जालंधर में थाना लांबड़ा के अंतर्गत आने वाले सागर एन्क्लेव में एक बेहद ही सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी के सिर पर रोटी पकाने वाले लोहे के भारी तवे से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति बिना किसी खौफ के खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
खौफनाक मंजर : तवे के वार से बाहर निकल आईं आंखें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 48 वर्षीय सीता देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम संतोष विश्वकर्मा (55 वर्ष) है। मूल रूप से नेपाल का रहने वाला यह परिवार यहाँ किराए के मकान में रह रहा था। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के जिला संयोजक और स्थानीय निवासी विजय यादव ने बताया कि सुबह करीब सवा 8 बजे जब वे सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे, तो वहाँ का नजारा बेहद खौफनाक था। आरोपी ने महिला के सिर पर तवे से इतने जोर-जोर से वार किए थे कि उसकी आंखें तक बाहर आ गई थीं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई थी।
फैक्ट्री से लौटे बेटों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
वारदात के समय महिला के बेटे फैक्ट्री में काम पर गए हुए थे। मोहल्ले वालों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बेटा तुरंत घर पहुंचा और लहूलुहान मां को आनन-फानन में सिविल अस्पताल लेकर भागा, लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने महिला को 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया।
नेपाल में भी कत्ल करके भागा था आरोपी, थाने जाकर बोला– 'मैंने मर्डर कर दिया'
वारदात के बाद आरोपी संतोष विश्वकर्मा सीधे लांबड़ा पुलिस थाने पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बेखौफ होकर बोला, "मैं अपनी जनानी (पत्नी) का मर्डर करके आया हूँ, मुझे अरेस्ट कर लो।" सूत्रों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह कथित तौर पर नेपाल में भी एक शख्स की हत्या करने के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत भाग आया था। यह परिवार करीब 10-15 दिन पहले ही इस इलाके में किराए पर रहने आया था।
मकान मालिकों की लापरवाही उजागर, नहीं कराई थी पुलिस वेरिफिकेशन
इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में बिना वेरिफिकेशन के रखे जा रहे प्रवासी किराएदारों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बसपा नेता विजय यादव ने बताया कि उन्होंने पहले भी लांबड़ा थाना प्रभारी से कॉलोनी में किराएदारों की जांच करने और मकान मालिकों से वेरिफिकेशन करवाने की अपील की थी, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। सागर एन्क्लेव में रह रहे अधिकांश प्रवासियों का कोई पुलिस रिकॉर्ड या वेरिफिकेशन दर्ज नहीं है, जिससे अपराधियों की पहचान करना मुश्किल हो गया है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में, मकान मालिक से भी होगी पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी करतारपुर और लांबड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। लांबड़ा पुलिस के एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी पुलिस की हिरासत में है। पुलिस अब मकान मालिक से भी गहन पूछताछ कर रही है कि बिना पुख्ता पहचान पत्र और अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन के एक अपराधी को कमरा कैसे किराए पर दे दिया गया।