नई दिल्ली : कृषि उत्पादों की उत्पादकता के साथ उनकी गुणवत्ता को भी बढ़ाना बहुत जरूरी है क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरने पर भारतीय खाद्य उत्पादों को कभी-कभी प्रतिबंधित भी किया जाता है। ये स्थिति ब्रांड इंडिया के लिए अच्छी नहीं है। इसके लिए हमें देश भर में लैब्स का निर्माण करना होगा जहां जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही उन उत्पादों को निर्यात के लिए स्वीकृति मिल सके। ऐसा करने से उद्यमी का नुकसान भी बचेगा और उत्पाद की क़्वालिटी को भी कोई चेलेंज नहीं कर सकेगा। ये कहना है केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ सिंह का। वे आज एमएसएमई सेक्टर के संवर्धन और कल्याण के लिए कार्यरत संगठन लघु उद्योग भारती की ओर से भारत मंडपम में आयोजित नेशनल कॉन्क्लेव भारत फूड एंड एग्रो @ 2047 के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने खाद्य पदार्थों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि लोगों में कोई खाद्य पदार्थ खरीदते हुए शुद्धता के प्रति आशंका बनी होती है, इस स्थिति से उन्हें निकालना होगा। श्री सिंह ने कहा कि हमें आयातित कृषि उत्पादों के विकल्पों पर भी त्वरित गति से कार्य करने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि कृषि हमारे देश की आर्थिक रीढ़ की हड्डी है, इसलिए किसान को संपन्न बनाए बिना विकसित भारत की परिकल्पना भी संभव नहीं। उन्होंने आयातित कृषि उत्पादों के विकल्पों पर भी कार्य करने की जरूरत जताई। उन्होंने कहा कि आने वाला वक्त एग्रीकल्चर का होगा और इसे बढ़ावा देने की जरूरत है। हालांकि खाद्यान्नों में हम आत्मनिर्भर बन रहे हैं। आज चावल में हम नंबर एक पर हैं पूरे विश्व में, इसके साथ और भी बहुत सारे दूसरे ऐसे उत्पाद हैं जिसमें हम बहुत अच्छा उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने कृषि और एमएसएमई के लिए कहा कि यह दोनों ही देश के रोजगार सृजन के लिए बहुत बड़ा रोल अदा करते हैं। उन्होंने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारीकरण (PMFME) योजना और 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) पहल पर प्रकाश डाला। उन्होंने उद्यमियों को इन पहलों का लाभ उठाने, आधुनिक तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्मार्ट पैकेजिंग को अपनाने, तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कृषि कल्याण राज्य मंत्री ने गो आधारित प्राकृतिक खेती पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि यूरिया का बेजा इस्तेमाल करने से हमारी धरती की जो एक उर्वरा शक्ति है, वह कम हुई है। उन्होंने राजस्थान के बीकानेर का एक उदाहरण देते हुए बताया कि पंजाब से बीकानेर चलने वाली एक ट्रेन है जिसका नाम ही कैंसर ट्रेन रख दिया। वह इसलिए क्योंकि उसमें इतने ज्यादा रसायनों का खेती में उपयोग किया गया कि जिसका जिसकी वजह से बहुत बड़ी संख्या में कैंसर रोगी हमारे सामने आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर किसान अपनी केवल 10% भूमि पर भी प्राकृतिक खेती करेगा तो आने वाले वर्षों में निश्चित रूप से वह 100% प्राकृतिक खेती को अपनाएगा। उन्होंने श्रीअन्न के उत्पादों को भी बढ़ाने की दिशा में कहा कि किसान को उन्होंने कहा कि लघु उद्यमी किसान के सच्चे हितैषी हैं।
इससे पूर्व वाणिज्य मंत्रालय की प्रिया नायर ने कहा कि एफटीए से छोटे किसानों के लिए असीमित संभावनाएं बन रही हैं लेकिन उन्हें रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के कंप्लायंस से क्वालिटी प्रोडक्ट्स पर कार्य करना होगा। उन्होंने मार्केटिंग इंटेलिजेंस में भी उद्यमियों से निवेश करने की सलाह दी।
मिनिस्ट्री ऑफ़ फ़ूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज के सेक्रेटरी अविनाश जोशी ने कहा कि जेन जी नए सोल्यूशन चाहती हैं और कंज्यूमर्स को भी चॉइस देनी पड़ती है। उन्होंने प्रोसेस्ड फ़ूड को जंक फूड के समान स्वास्थ्य के लिए ख़राब बताने वाले लोगों को गलत बताया। FSSAI के सत्येन कुमार पांडा ने उद्यमियों को सलाह दी कि उत्पाद पर गलत जानकारी अंकित करने से उन्हें बचना चाहिए।
अग्रणी उद्यमी ताराचंद गोयल ने प्राकृतिक कृषि, सरल कम्पोस्ट और शुद्ध आहार की अवधारणा पर प्रकाश डाला। मॉडर्न ट्रेड एंड क्विक कॉमर्स विषय पर महाराष्ट्र के अग्रणी उद्यमी गिरीश चितले एवं एनएसआईसी के सीनियर जीएम (बीडी एंड हेड-डिजिटल सर्विसेस) विद्यासागर सिंह, फ्यूचर ऑफ़ फ़ूड विषय पर सीएफटीआरआई मैसूर के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. सुहास आर. और हल्दीराम के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. अशोक त्यागी, रिसर्च टू रियलिटी ”टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फॉर फ्यूचर ऑफ़ फ़ूड” विषय पर हेड-एफबीएमईडी, निफ्टेम डॉ. विमल पंत, ड्राइविंग एमएसएमई ग्रोथ थ्रू एआई एंड मॉडर्न टेक्नोलॉजी विषय पर विद्यालंकार पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट की संध्या कुमार एवं पूजा राज श्रीवास्तव, ट्रांसफॉर्मिंग एग्री वेयर हाउसिंग पर ‘एग्री-बाजार’ के चीफ बिजनेस ऑफिसर अतुल चूरा ने महत्वपूर्ण चर्चा की।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने संगठन की तीन दशकों की सार्थक यात्रा के बारे में बताया। उत्पाद समूह के राष्ट्रीय समन्वयक घनश्याम ओझा ने उत्पाद समूह की रचना के महत्व से अवगत कराया। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री प्रकाश चंद्र जी ने कहा कि वैल्यू एडिशन के जरिये लघु उद्यमियों के लिए आगे बढ़ने के और अवसर बढ़ गए हैं। राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि प्रचुर मात्रा में कृषि उत्पाद का उत्पादन होता है, लेकिन प्रोसेसिंग के अभाव में उसका पूरा मूल्य नहीं मिल पाता, इस पर संगठन कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के राष्ट्रीय सह समन्वयक आशीष देवड़ा ने कॉन्क्लेव को सफल बताया। इस अवसर पर देशभर से छह सौ से अधिक उद्यमियों ने भागीदारी की। इस अवसर पर उद्योग टाइम्स के विशेषांक का विमोचन भी अतिथियों ने किया।