टोक्यो जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय सांसदों के एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से भेंट की। इस मुलाकात के दौरान भारत के दृढ़ और स्पष्ट रुख को दोहराया गया कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है और इसे जड़ से समाप्त किया जाना चाहिए। जापानी मंत्री ने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का न केवल समर्थन किया, बल्कि हालिया पहलगाम आतंकी हमले पर गहरा शोक भी व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि हमने भारत का पक्ष बहुत दृढ़ता से रखा। जापानी विदेश मंत्री ने हमारे विचारों की सराहना की और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने संयम दिखाकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने विदेश मंत्री डा. एस. जयशंकर द्वारा उन्हें दी गई जानकारी का भी उल्लेख किया और इस लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़े होने की बात कही।