ऑस्टिन टी-20 वल्र्ड कप 2024 में पाकिस्तान का अपने पहले ही मैच में बुरी तरह दम निकल गया और मेजबान अमरीका ने उसे सनसनीखेज अंदाज में हराकर इतिहास रच दिया। डैलस में खेले गए मुकाबले में अमरीका ने सुपर ओवर में पाकिस्तान को चित करते हुए टी20 वल्र्ड कप 2024 का पहला उलटफेर कर दिया। अपना पहला ही टी20 वल्र्ड कप खेल रही अमरीका ने पहले पाकिस्तान को सिर्फ 160 रनों पर रोका और फिर खुद आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मैच को टाई किया।
इसके बाद सुपर ओवर में उसने पाकिस्तान को 19 रन भी नहीं बनाने दिए और मैच जीतकर अपने क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली। सुपर ओवर में अमरीका ने पहले बैटिंग की और उसके लिए एरोन जॉन्स के साथ हरमीत सिंह बैटिंग के लिए आए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद आमिर ने सुपर ओवर डाला, लेकिन पाकिस्तान ने अमरीका को 18 रन दे दिए। इसके जवाब में पाकिस्तान 13 रन ही बना पाई।