न्यूयॉर्क। अमरीका से उलटफेर का शिकार होने के बाद भारत के हाथों हार से आहत पाकिस्तानी टीम के लिए अब करो या मरो की स्थिति हो चुकी है। ऐसे में अब टी-20 विश्व कप में ग्रुप चरण के मैच में कनाडा के खिलाफ मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज करना चाहेगी, क्योंकि उसके पास खोने के लिए ज्यादा कुछ नहीं बचा है, लेकिन गंवाने के लिए सबकुछ है। पाकिस्तान का अब सुपर आठ में क्वॉलिफाई करने का मौका कनाडा और आयरलैंड के खिलाफ बड़ी जीत पर निर्भर करेगा, लेकिन इसके लिए उसे उम्मीद करनी होगी कि अमरीकी टीम भारत और आयरलैंड के खिलाफ मुकाबलों में बुरी तरह हार जाए।
इस हालत में दोनों टीमों के चार-चार अंक होंगे और फैसला बेहतर नेट रन रेट से होगा। पाकिस्तान की टीम इस तरह आंकड़े अपने पक्ष में रहने की बस दुआ ही कर सकती है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम नासाउ के मैदान पर अपना दूसरा मैच खेलने उतरेगी। नासाउ के मैदान पर अब तक जितने भी मुकाबले में हुए हैं, वह लो स्कोरिंग रहे हैं। ऐसे में गेंदबाजी के साथ पाकिस्तान को अपनी बैटिंग में अच्छा खेल दिखाना होगा। कनाडा की टीम बेशक पाकिस्तान के सामने कमजोर दिख रही होगी, लेकिन उसने ग्रुप-ए में आयरलैंड को हराकर एक बड़ा उलटफेर कर दिया है।