Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक के दूसरे दिन भारत की अच्छी शुरूआत हुई है। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने वूमेन्स सिंगल्स के ग्रुप एम में अपना पहला मुकाबला मालदीव की पातिमा नबाह अब्दुल रज्जाक को आसानी से हराकर जीत लिया है। सिंधु ने यह मैंच 21-9, 21-6 से जीता। वहीं, भारतीय रोवर बलराज पंवार इतिहास रचते हुए पेरिस ओलंपिक 2024 रोइंग स्पर्धा के पुरुष एकल स्कल्स रेपेचेज राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रविवार को प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं।
आज यहां वैरेस-सुर-मार्ने नॉटिकल स्टेडियम में हुये मुकाबले में बलराज ने 7:12.41 समय के साथ 2000 मीटर की दूरी तय की और इस राउंड में दूसरे स्थान पर रहे। भारतीय रोवर ने 1000 मीटर की दूरी तय करने के लिए 3:33.94 का समय लिया। वह इसमें भी दूसरे स्थान पर रहे। इससे पहले उन्होंने 1:44.13 समय में 500 मीटर की दूरी तय की।
25 वर्षीय सेना के जवान बलराज ने मोनाको के क्वेंटिन एंटोगनेली के बाद 7:12.41 का समय लेकर रेपेचेज 2 में दूसरा स्थान हासिल किया। तीन रेपेचेज राउंड के प्रत्येक दो शीर्ष रोवर क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं। प्रत्येक रेस में कुल पांच रोवर ने हिस्सा लिया। पुरुष एकल स्कल्स स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबला मंगलवार 30 जुलाई को खेला जाएगा।