पेरिस: पेरिस ओलंपिक 2024 में कई घटनाएं सुनने को मिल रही हैं। इन्हीं में से इजिप्ट और संयुक्त यूनाइटेड स्टेट के बीच महिलाओं की व्यक्तिगत सेबर की टेबल ऑफ 32 में मुकाबला हुआ। मुकाबले में इजिप्ट की फेंसर जीतने में सफल रही। इसके बाद इजिप्ट और दक्षिण कोरिया के बीच महिलाओं की व्यक्तिगत सेबर की टेबल ऑफ-16 में मुकाबला हुआ, जिसमें इजिप्ट की फेंसर को दक्षिण कोरियाई फेंसर से हार गईं। हार के बाद मिस्र की फेंसर की इंस्टाग्राम पोस्ट ने दुनियाभर में सुर्खियां बटोरीं। वह इजिप्ट की फेंसर नाडा हाफिज थीं। नाडा ने बताया कि वह सात महीने की प्रेग्नेंट हैं।
मैच के कुछ घंटों बाद नाडा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा, सात महीने की गर्भवती ओलंपियन! जो आपको पोडियम पर दो खिलाड़ी दिख रहे थे, वास्तव में वे तीन थे! मैं, मेरी प्रतिस्पर्धी और मेरी आने वाली छोटी बच्ची! नाडा हाफिज ने लिखा, मेरे बच्चे और मैंने शारीरिक और भावनात्मक दोनों चुनौतियों का सामना किया। गर्भावस्था का रोलरकोस्टर अपने आप में कठिन है, लेकिन जीवन और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने की लड़ाई बेहद कठिन थी, लेकिन यह सब इसके लायक था। नाडा हाफिज ने अपने पति और परिवार का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनका पूरा साथ दिया। नाडा आगे लिखती हैं, मैं यह पोस्ट लिख रही हूं, ताकि कह सकूं कि अंतिम-16 में अपनी जगह सुरक्षित करने पर मुझे गर्व है!