पेरिस :दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन ओलंपिक, जिसे खेलों का महाकुंभ भी कहा जाता है, इस बार फ्रांस में होने जा रहा है। शुक्रवार को इस महाकुंभ का शुभारंभ किया जाएगा, इसके लिए फ्रांस न तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस इवेंट में 10500 एथलीट्स हिस्सा लेंगे। उनके अलावा हजारों दर्शक और गेस्ट इस इवेंट में शामिल होंगे। इस दौरान 128 सालों से चला आ रहा एक रिवाज टूट जाएगा। ओपनिंग सेरेमनी का पूरा कार्यक्रम एफिल टावर और सीन नदी पर होना है। 1896 में ओलंपिक खेलों की शुरुआत हुई थी, तब से अब तक ओपनिंग सेरेमनी का कार्यक्रम स्टेडियम में होता था।
ये पहली बार है, जब इस कार्यक्रम को स्टेडियम के बाहर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए फ्रांस की राजधानी पेरिस को एक भव्य थिएटर के रूप में बदल दिया गया है। इसमें शामिल होने वाले एथलीटों और दर्शकों को पेरिस के समृद्ध इतिहास और शानदार वास्तुकला से भी परिचित कराया जाएगा। भारत में इस उद्घाटन समारोह को जियो सिनेमा ऐप पर लाइव देखा जा सकेगा। यह कार्यक्रम भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से शुरू होगा। उद्घाटन समारोह के दौरान करीब 2000 कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसमें कई राजनीतिक हस्तियां भी शामिल होंगी।