नई दिल्ली ; भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से चार अग तक पांच टेस्ट खेले जाएंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच अगले महीने होने वाली टेस्ट सीरीज के डिजिटल ब्रॉडकास्टिंग राइट्स जियोहॉटस्टार ने खरीद लिए हैं। टेलीविजन राइट्स अब भी सोनी टीवी के पास हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट अनुसार, जियो और स्टार ने एक महीने के अंदर सोनी के साथ यह डील साइन की। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट की सीरीज 20 जून से शुरू होगी।
मैचों का प्रसारण टीवी पर सोनी और ऑनलाइन जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। सोनी और जियो स्टार के बीच हुआ टेंपररी एग्रीमेंट अगले साल भी जारी रहेगा। भारत को 2026 में इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे और पांच टी-20 की सीरीज भी खेलनी है। इसके मैच भी ओटीटी के माध्यम से जियोहॉटस्टार पर दिखाए जाएंगे।
सोनी ने आठ साल के लिए ईसीबी के राइट्स खरीदे
सोनी टीवी ने पिछले साल ही इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स खरीदे थे। राइट्स 2031 तक के लिए खरीदे गए। इसके तहत इंग्लैंड में होने वाले सभी क्रिकेट मैच को भारतीय दर्शक सोनी पर ही देख सकेंगे। जियो, स्टार और सोनी के बीच नई डील में ईसीबी का भी बड़ा योगदान रहा।