बर्मिंघम भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर बुधवार से खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट टीम इंडिया के लिए अहम है, क्योंकि इस मैच में अगर हार मिली, तो इंग्लैंड 2-0 से आगे निकल जाएगा और भारतीय टीम के पास वापसी का मौका कम होगा। बर्मिंघम का एजबेस्टन मैदान वह मैदान है, जो भारत के खिलाफ इंग्लैंड का अभेद्य किला है। आज तक भारत एजबेस्टन में इंग्लैंड को कोई भी टेस्ट मैच हरा नहीं पाया है। शुभमन गिल की अगवाई वाली टीम का पूरा जोर इंग्लैंड के इस अभेद्य किले को ढाहकर सीरीज जीत तक की उम्मीदों को और पंख लगाने पर होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में इससे पहले तक आठ मुकाबले हो चुके हैं। दोनों देशों के बीच यहां पहला टेस्ट 1967 में खेला गया था।
पिछला टेस्ट 2022 में हुआ था। इन मैचों के परिणामों की बात करें, तो इंग्लैंड इस मैदान पर भारत के खिलाफ अब तक अजेय है। उसने एक भी मुकाबला नहीं हारा है। सात बार इंग्लैंड जीता है और एक बार मुकाबला ड्रॉ रहा है। दोनों देशों की तरफ से किसी पारी में सर्वोच्च स्कोर की बात करें, तो इस मैदान पर इंग्लैंड का भारत के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 710 है। भारत का सर्वोच्च स्कोर 416 है। न्यूनतम स्कोर की बात करें, तो इंग्लैंड के लिए यह आंकड़ा 180 रन का है, जबकि भारतीय टीम यहां एक बार 92 रन पर ही सिमट चुकी है।
भारत— शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर/ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड— बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), ब्रायडन कार्स, जोश टंग, क्रिस वोक्स और शोएब बशीर।
बुमराह निश्चित रूप से उपलब्ध
बर्मिंघम। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खेलने पर अपना रुख स्पष्ट किया है। गिल का कहना है कि बुमराह इस मैच के लिए निश्चित रूप से उपलब्ध हैं, लेकिन वह बस देखना चाह रहे हैं कि आने वाले टेस्ट मैचों में किस तरह बुमराह का कार्यभार मैनेज किया जा सकता है। सीरीज की शुरुआत से ही बुमराह के वर्कलोड को लेकर चर्चा चल रही है। बुमराह की अनुपस्थिति में भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर दिख सकता है, लेकिन गिल ने स्पष्ट किया है कि यह तेज गेंदबाज दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध है। गिल ने मैच से पहले कहा, निश्चित रूप से बुमराह उपलब्ध होंगे। हम बस देखना चाहते हैं कि किस तरह आने वाले टेस्ट मैचों में उनका कार्यभार प्रबंध किया जा सके। हमें सही संयोजन की तलाश में हैं, जो 20 विकेट ले सके और रन भी बनाए। मैदान पर जाने के बाद ही हमें अंतिम स्थिति पता चलेगा और देखना होगा कि किस संयोजन के साथ हम इस मैच में उतर सकते हैं।