शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। सदन के भीतर शुरू हुआ मामला अब सड़कों पर पहुंच गया है। मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शिमला, मंडी और ऊना में प्रदर्शन कर मंत्री के खिलाफ विरोध जताया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। शिमला में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के कपड़े फटने की भी जानकारी सामने आई। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर अभद्रता और गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए। वहीं, ऊना में प्रदर्शनकारियों ने राजस्व मंत्री का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा ने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग उठाई
इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में भी भाजपा ने विरोध जताया। पार्टी नेताओं ने मंत्री से माफी मांगने के साथ उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जगत सिंह नेगी का बचाव किया। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड की जांच कराने और आपत्तिजनक शब्दों को हटाने का आश्वासन दिया।
18 नवंबर को विधानसभा में क्या बोले थे जगत सिंह नेगी?
इस विवाद की शुरुआत 18 नवंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हुई थी। सदन में नियम-67 के तहत पूर्ववर्ती और मौजूदा सरकारों के कार्यकाल में कथित भ्रष्टाचार को लेकर स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर का मुद्दा उठाया।
नेगी ने राफेल विमानों की कीमतों में कथित बढ़ोतरी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जिन विमानों की कीमत पहले करीब 700 करोड़ रुपये बताई जा रही थी, वह बढ़कर लगभग 2300 करोड़ रुपये कैसे हो गई।
सेना पर टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने
राफेल सौदे पर चर्चा के दौरान मंत्री ने पाकिस्तान के साथ सैन्य टकराव और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। भाजपा ने उनकी टिप्पणी को इस रूप में पेश किया कि उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान ने भारतीय सेना के छक्के छुड़ा दिए।
भाजपा का आरोप है कि इस बयान से भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठे हैं। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि मंत्री सेना की आलोचना नहीं कर रहे थे, बल्कि केंद्र सरकार की रक्षा नीति, राफेल सौदे और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों पर सवाल उठा रहे थे।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। फिलहाल इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।