नई दिल्ली: तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले से आराम दिया जा सकता है। यह दावा क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज ने किया है। वेबसाइट ने एक रिपोर्ट में लिखा कि बुमराह धर्मशाला में पांचवां और अंतिम टेस्ट खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला बाद में होगा और यह 23 फरवरी से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट के नतीजे पर निर्भर करेगा। जबकि क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशियों) चोट से उबर कर लोकेश राहुल टीम में वापसी कर सकते हैं। 30 साल के बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में टॉप विकेटटेकर हैं। वह तीन मैचों में सबसे ज्यादा 17 विकेट ले चुके हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि टीम इंडिया मंगलवार को राजकोट से रांची के लिए उड़ान भरेगी और बुमराह के टीम के साथ यात्रा करने की संभावना नहीं है।
वह राजकोट से अहमदाबाद जा सकते हैं। किसी और खिलाड़ी के अगला टेस्ट नहीं खेलने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का कोई अधिकृत बयान नहीं आया है। वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत बुमराह को आराम देकर आखिरी टेस्ट में तरोताजा रखना है। बुमराह इस सीरीज के तीन मुकाबलों में 17 विकेट लिए हैं। वह तीन मैचों में 80.5 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं। ऐसे में सिलेक्टर्स को लगता है कि उन्हें आराम की जरूरत है।
सिराज को दूसरे टेस्ट में दिया था ब्रेक
बुमराह की जगह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को तीसरे मुकाबले में मौका मिल सकता है। उन्हें दूसरे टेस्ट में रेस्ट दिया गया था। वह सीरीज के आखिरी दो टेस्ट में भारतीय आक्रमण को लीड करेंगे।