ढाका; बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) का इन दिनों 10वां सीजन खेला जा रहा है। बीपीएल 2024 की शुरुआत 19 जनवरी को हुई और फाइनल पहली मार्च को होगा। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के हेड कोच चंडिका हथुरुसिंघा ने बीपीएल की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि वह कभी-कभी बीपीएल देखते हुए टीवी बंद कर देते हैं। उन्होंने साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से गुहार लगाई। हथुरुसिंघा को लगता है कि बीपीएल बांग्लादेश में टी20 क्रिकेट के विकास में मदद नहीं कर रहा, क्योंकि प्रमुख बल्लेबाजी और गेंदबाजी भूमिकाओं में स्थानीय खिलाडिय़ों की बजाए विदेशी प्लेयर्स को तवज्जो दी जाती है।
हथुरुसिंघा ने कहा, बांग्लादेश के पास प्रॉपर टी20 टूर्नामेंट नहीं है। ये बात बहुत अजीब लगती है। जब मैं बीपीएल देख रहा होता हूं, तो कभी-कभी टीवी बंद कर देता हूं। कुछ खिलाड़ी उस स्तर के नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा, मुझे मौजूदा व्यवस्था से बड़ी दिक्कत है। आईसीसी को इसमें कदम उठाने की जरूरत है। कुछ नियम होने चाहिए। एक खिलाड़ी एक टूर्नामेंट खेल रहा है और फिर वह दूसरा टूर्नामेंट खेल रहा होता है। यह एक सर्कस के जैसा है। खिलाड़ी अवसरों के बारे में बात करेंगे, लेकिन यह सही नहीं है। लोगों की दिलचस्पी खत्म हो जाएगी। मेरी दिलचस्पी खत्म हो चुकी है। कोच ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाडिय़ों को बीपीएल में अहम भूमिका दी जानी चाहिए।