मनीला : फिलीपींस की राजधानी मनीला में 49वें आसियान शिखर सम्मेलन का आगाज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इस बैठक का हिस्सा बनेंगे इसके बाद ईस्ट एशिया समिट भी उनकी भागीदारी तय है। दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के भारतीय राजदूत श्रीनिवास गोत्रू ने उनकी उपस्थिति को बेहद खास और द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने वाला बताया है।
गोत्रू के मुताबिक पीएम 2014 से लगातार इन सभी शिखर सम्मेलनों में शामिल हुए हैं और ये उनकी 13वीं उपस्थिति होगी।
आईएएनस से बातचीत में श्रीनिवास ने कहा, "आसियान के सभी सदस्यों के साथ नेतृत्व स्तर पर लगातार उच्च स्तरीय संवाद हुआ है। पीएम ने ईस्ट एशिया समिट और आसियान के नेतृत्व वाले सभी मंचों में नियमित रूप से भाग लिया है। नेतृत्व स्तर के इस संवाद ने संबंधों को गति दी है, इससे मुद्दों को सुलझाने और रिश्तों को अगले स्तर तक ले जाने में मदद मिली है।"
ईस्ट एशिया समिट को लेकर उन्होंने कहा, "यह आसियान के नेतृत्व वाला एक तंत्र है, जहां नेता हर साल मिलते हैं। इसमें सिर्फ आसियान ही नहीं, बल्कि आसियान प्लस आठ देश भी शामिल हैं, जिनमें क्षेत्र में अहम हित रखने वाले सभी प्रमुख देश सदस्य हैं। ये हमारे लिए बहुत अहम मंच है। इसमें भू-राजनीतिक, समुद्री सहयोग से लेकर आर्थिक सहयोग को लेकर बात होगी।"
भारत-आसियान संबंधों को मिली गति की ओर इशारा करते हुए गोत्रू बोले, "अगले साल हम संबंधों का 35वां साल मना रहे हैं। पिछले 34 सालों में हमारे संबंधों में काफी प्रगति हुई है। ट्रेड को ही देखें तो यह 5 अरब डॉलर से बढ़कर 125 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। संचयी निवेश 200 अरब डॉलर को पार कर गया है। राजनीतिक मुद्दों, कनेक्टिविटी और नियमित राजनीतिक संवाद पर घनिष्ठ सहयोग है। अब हम डिजिटल इकोनॉमी को लेकर भी गंभीर हैं। कल ही सदस्य देशों ने डिजिटल इकोनॉमिक फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। यह दुनिया का पहला क्षेत्र-व्यापी और कानूनी रूप से बाध्यकारी डिजिटल अर्थव्यवस्था समझौता है। हमें ऐसा लगता है ये डिजिटल इकोनॉमी के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराएगा।"
शिखर सम्मेलन से अपेक्षाओं पर राजदूत ने कहा, "यात्रा के दौरान निश्चित रूप से कुछ ठोस परिणामों की घोषणा होगी। नेताओं की मुलाकात के बाद आने वाले दिनों में चर्चा होगी। हमें उम्मीद है कि इससे हमारे संबंधों को और गति मिलेगी। यह एक वार्षिक शिखर प्रक्रिया है, जहां नेता द्विपक्षीय प्रारूप में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और क्षेत्रीय प्रारूप में एक साथ समय बिताते हैं।"
बता दें, वर्ष 2026 के लिए आसियान की अध्यक्षता फिलीपींस कर रहा है। शिखर सम्मेलन की थीम 'नेविगेटिंग द फ्यूचर' (भविष्य की दिशा तय करना) है। भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत आसियान-भारत कार्ययोजना (2026-2030) के क्रियान्वयन की दिशा में कदम आगे बढ़ाए जाएंगे।