स्टावेंगर (नॉर्वे)। एक दिन पहले एलीरेजा को मात देने के बाद भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा दूसरे दिन खुद मात खा गए। उन्हें यहां नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के दूसरे दौर में सामान्य टाइम कंट्रोल में विश्व चैंपियन डिंग लिरेन के खिलाफ ड्रॉ के बाद आर्मागेडोन (सडन डेथ) टाई ब्रेकर बाजी में शिकस्त का सामना करना पड़ा। हालांकि महिला वर्ग में आर वैशाली ने पहली बार कोनेरू हंपी पर जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में आर वैशाली ने साथी भारतीय कोनेरू हंपी को हराकर टूर्नामेंट में पहली क्लासिकल बाजी जीती। वैशाली ने भारत की नंबर एक महिला खिलाड़ी हंपी को पहली बार हराया। इस जीत से वैशाली लाइव रेटिंग में भारत की दूसरे नंबर की महिला खिलाड़ी बन गईं।