कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार रात केरल के ईंगप्पुझा में एक सड़क दुर्घटना देखी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाकर घायलों की मदद की। कोझिकोड जिले में हुए इस हादसे में कोयिलांडी के रहने वाले नौशाद और उनके परिवार की कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई थी। उसी समय प्रियंका गांधी का काफिला वहां से गुजर रहा था। उन्होंने दुर्घटना देखते ही अपना काफिला रोका और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
प्रियंका गांधी ने अपने काफिले में मौजूद डॉक्टर को तुरंत बुलाया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया। इसके बाद उन्होंने एम्बुलेंस में मौजूद मेडिकल टीम को निर्देश दिया कि घायलों को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया जाए। उन्होंने घायलों से बात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
प्रियंका गांधी इन दिनों अपने लोकसभा क्षेत्र वायनाड के तीन दिवसीय दौरे पर केरल में हैं। इस दौरान उन्होंने कई इलाकों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। कांग्रेस पार्टी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में प्रियंका गांधी घायलों से बातचीत करती और उन्हें सांत्वना देती हुई दिखाई दीं। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से भी घटना की जानकारी ली और डॉक्टरों को हर संभव सहायता देने का निर्देश दिया।
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने शनिवार को गोवा के शिरगांव में हुई भगदड़ की घटना पर भी गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "गोवा के शिरगांव में लैराई देवी मंदिर की यात्रा के दौरान हुई भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। मैं सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।"