पंचकूला : हरियाणा में सरकारी खजाने में लगी 504 करोड़ रुपये की भारी-भरकम सेंधमारी के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आज बड़ा कदम उठाया है। सीबीआई ने बुधवार, 2 सितंबर 2026 को पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई अदालत में 19 आरोपियों के खिलाफ तीसरी चार्जशीट दाखिल कर दी। इस चार्जशीट में हरियाणा कैडर के 6 वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के 3 अधिकारी, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का 1 अधिकारी और हरियाणा सरकार के 9 अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
सीबीआई जांच में सामने आया कि आरोपी नौकरशाहों और बैंक अधिकारियों ने सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत इस महाघोटाले को अंजाम दिया। हरियाणा के वित्त विभाग के वित्तीय सतर्कता और धोखाधड़ी रोकथाम संबंधी दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाते हुए राज्य सरकार के 8 प्रमुख विभागों के फंड को सूचीबद्ध बैंकों से हटाकर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की उन विशिष्ट शाखाओं में ट्रांसफर किया गया, जहां आरोपी बैंकर्स तैनात थे। इसके बाद इन खातों से फर्जी तरीके से सरकारी धन को तीसरे पक्ष (थर्ड पार्टी) के खातों में भेजा गया, जिनका सरकार से कोई लेना-देना नहीं था। इस रकम को कई बैंक खातों में घुमाकर (लेयरिंग कर) नकदी में बदला गया और आरोपियों ने आपस में बंदरबांट की।
सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि इस घोटाले से पंचायत विभाग, पंचकूला व कालका नगर निगम, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (HSSPP), हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड (HLWB), हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) और हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGCL) प्रभावित हुए हैं।
राज्य सरकार के अनुरोध पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से जांच हाथ में लेने वाली सीबीआई अब तक 54 ठिकानों पर छापेमारी कर लगभग 20 करोड़ रुपये का सोना जब्त कर चुकी है तथा 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस तीसरी चार्जशीट के साथ मामले में अब तक चार्जशीट किए गए कुल आरोपियों की संख्या 37 हो गई है। इसके अलावा चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी व क्रेस्ट (CREST) से जुड़े दो संबंधित मामलों में भी जांच जारी है।
अफसर जिनके खिलाफ पेश की गई चार्जशीटः सीबीआई चार्जशीट में दर्ज आरोपियों और उनके संबंधित विभागों की सूची इस प्रकार है:-
आईएएस अधिकारीः
मोहम्मद शाईन हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, डॉ. साकेत कुमार विकास एवं पंचायत विभाग, प्रदीप कुमार हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विनीत गर्ग हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राम कुमार सिंह नगर निगम पंचकूला एवं कालका, पंकज अग्रवाल हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवं हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड।
सरकारी विभागों/निगमों के अधिकारी व कर्मचारीः
दीप्ति कौशिक एचपीजीसीएल, राजेश गोयल एचपीजीसीएल, प्रिंस शर्मा विकास एवं पंचायत विभाग, सौरव कुमार / सौरव शर्मा एचएसपीसीबी, प्रवीण कुमार एचएसपीसीबी, सुरेंद्र जैन नगर निगम पंचकूला एवं एचएसपीसीबी, सुरिंदर कौर हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड, अमित कुमार (क्लर्क) हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड, जुगल किशोर (अकाउंट्स ऑफिसर) हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड हैं।
बैंक अधिकारी : शमीम अहमद डार, सुधा गोयल, कुलदीप सिंह आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के चरणजीत सिंह रंधावा शामिल हैं।