चंडीगढ़ : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधान सभा सचिवालय में कार्यरत चौंकीदार रविन्द्र कुमार (50) के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रविन्द्र कुमार का सोमवार शाम पंचकूला के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से किडनी संबंधी बीमारी के कारण उपचाराधीन थे। मूल रूप से यमुनानगर जिले के गांव तेलुपुरा निवासी रविन्द्र कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि रविन्द्र कुमार विधान सभा परिवार के एक समर्पित एवं कर्मठ सदस्य थे। उनके निधन से सचिवालय को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में हरियाणा विधान सभा सचिवालय परिवार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।
विधान सभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।