चंडीगढ़ : सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में मृतक किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से फसल बीमा क्लेम लेने के मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक घोटाला नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, विश्वास और सरकारी व्यवस्था के साथ खुला विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक सामने आ रहे घोटाले यह साबित कर रहे हैं कि भाजपा सरकार के शासन में भ्रष्टाचार को संरक्षण मिल रहा है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार हिसार जिले में सीएससी संचालकों, नंबरदारों, बीमा एजेंटों तथा कृषि विभाग के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से मृतक किसानों को जीवित दिखाकर करोड़ों रुपये के फसल बीमा दावों का फर्जीवाड़ा किया गया। यह मामला पूरे प्रदेश की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि मृतक व्यक्तियों के नाम पर भी सरकारी रिकॉर्ड में फर्जीवाड़ा संभव है, तो यह प्रशासनिक तंत्र की भयावह विफलता है।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा पहले ही बैंक घोटाले, धान खरीद एवं भुगतान से जुड़े घोटालों, विभिन्न विभागों में वित्तीय अनियमितताओं तथा सिरसा शहरी क्षेत्र में विकास कार्यों में कथित घोटालों को लेकर चर्चा में रहा है। अब मृतक किसानों के नाम पर बीमा क्लेम लेने का मामला सामने आना यह दर्शाता है कि भ्रष्टाचार की जड़ें सरकारी तंत्र में गहराई तक फैल चुकी हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि किसान पहले प्राकृतिक आपदाओं, बढ़ती लागत और घटते लाभ से परेशान है। ऐसे समय में यदि उसकी सुरक्षा के लिए बनाई गई फसल बीमा योजना को भी भ्रष्ट लोग लूटने का माध्यम बना लें, तो यह किसानों के साथ सबसे बड़ा अन्याय है। सरकार को यह बताना चाहिए कि वर्षों तक यह खेल कैसे चलता रहा और संबंधित विभागों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं समयबद्ध स्वतंत्र जांच कराई जाए, इसमें शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सीएससी संचालकों, बीमा एजेंटों और अन्य दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे हरियाणा में पिछले वर्षों के सभी फसल बीमा दावों का विशेष ऑडिट कराया जाए ताकि यदि कहीं और भी इस प्रकार का फर्जीवाड़ा हुआ है तो उसे उजागर किया जा सके।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार पर केवल बयान देने के बजाय ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदेश की जनता और किसान यह जानना चाहते हैं कि आखिर कब तक सरकारी योजनाओं को भ्रष्टाचार का माध्यम बनाकर जनता के अधिकारों की लूट होती रहेगी। हरियाणा की कांग्रेस किसानों, गरीबों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए ऐसे प्रत्येक मामले को मजबूती से उठाती रहेगी और दोषियों को सजा दिलाने की मांग करती रहेगी।