हिसार/चंडीगढ़ : हरियाणा में सूर्य देव के तेवर कड़े होने के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के सात प्रमुख शहरों में पारा 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जिससे दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग ने आगामी 17 और 18 अप्रैल को मौसम में बदलाव और हल्की बारिश की संभावना जताई है। फरीदाबाद रहा सबसे गर्म, सात शहरों में झुलसाने वाली गर्मी मंगलवार को हरियाणा के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। फरीदाबाद 39.4°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा भिवानी और गुरुग्राम में 39.0°C, हिसार में 38.8°C और सिरसा में 38.9°C तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बदलने वाला है मौसम का मिजाज
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 16 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। हालांकि, 17 और 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने और राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से मौसम बदलेगा। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक और छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। इसका असर मुख्य रूप से पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में देखने को मिलेगा।
किसानों के लिए HAU की विशेष सलाह
गेहूं की कटाई के पीक सीजन को देखते हुए कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है:
कटाई और भंडारण: किसान गेहूं की कटाई अधिमानतः सुबह और शाम के समय करें। आने वाली आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर ढक कर रखें।
सिंचाई: सब्जियों और फलों के बागों में आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई जारी रखें।
पशुधन: पशुपालक अपने पशुओं को दोपहर की सीधी धूप से बचाएं और उनके लिए पीने के साफ पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखें।
रातों के तापमान में भी उछाल
दिन के साथ अब न्यूनतम तापमान में भी 0.9 डिग्री की वृद्धि हुई है। नारनौल और भिवानी में न्यूनतम तापमान 21.5°C दर्ज किया गया, जिससे रात के समय भी उमस और गर्मी का अहसास होने लगा है।