हरियाणा में सूर्य देव के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में 20 से 24 अप्रैल तक हीट वेव (लू) का येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को नारनौल में तापमान 42.0°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है। विशेष रूप से दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा।
नारनौल : 42.0°C (सबसे गर्म शहर)
रोहतक : 41.6°C
सिरसा : 40.6°C
दिन ही नहीं, रातें भी हुईं गर्म
हैरानी की बात यह है कि हरियाणा में अब रातें भी तप रही हैं। रोहतक में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक यानी 26.0°C दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने इसे 'वार्म नाइट' की स्थिति बताया है, जहाँ दिन की गर्मी के बाद रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है।
राहत की खबर : 26 अप्रैल से बदलेगा मौसम
कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU), हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। हालांकि, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
लू के अलर्ट को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सूती व ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी है।