हिसार : हरियाणा STF ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी शक्ति कुमार को गिरफ्तार किया है। हिसार STF यूनिट की टीम ने आरोपी को हिसार के राजगढ़ रोड स्थित पुल के नीचे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी शक्ति कुमार पंजाब के अबोहर में एक शोरूम संचालक की हत्या के मामले में वांछित था और पंजाब पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ टीम ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस बरामदगी को लेकर हिसार के आजाद नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
STF के अनुसार आरोपी शक्ति कुमार पर अबोहर में न्यू वेयरवेल शोरूम के संचालक संजय वर्मा की हत्या का आरोप है। इस मामले में पंजाब के थाना सिटी-1 अबोहर में जुलाई 2025 में केस दर्ज हुआ था। हिसार एसटीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अब आरोपी के संभावित गैंग कनेक्शन, अन्य आपराधिक मामलों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
एसटीएफ हिसार की कार्रवाई डीएसपी जोगेंद्र और इंचार्ज एसआई संदीप के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में शामिल पीएसआई विनीत कुमार ने बताया कि आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस उसके आपराधिक कामों और अन्य मामलों में उसकी भूमिका का पूरा पता लगाने के लिए, दूसरी आपराधिक गतिविधियों, संभावित संपकरं और साथियों के बड़े नेटवर्क में उसकी भागीदारी की सक्रियता से जांच कर रही है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने संगठित अपराध से निपटने के लिए राज्य पुलिस प्रतिबद्धता को दोहराया है।