नई दिल्ली: स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को पांच साल बाद दिल्ली रणजी टीम के संभावित खिलाडिय़ों में शामिल किया गया है। इन दोनों को बुधवार को दिल्ली के 84 संभावितों में जगह दी गई है। हालांकि इन दोनों के पूरे सत्र के दौरान दिल्ली के लिए लाल गेंद के किसी भी मैच के लिए उपलब्ध रहने की संभावना नहीं है। कोहली और पंत को इससे पहले 2019 में टीम में शामिल किया गया था।
अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को हालांकि इस सूची में जगह नहीं मिली है। देश के सबसे तेज गेंदबाज मयंक यादव और भारतीय टीम में जगह बनाने के एक अन्य दावेदार हर्षित राणा संभावित खिलाडिय़ों में शामिल हैं। सौ टेस्ट खेलने वाले 35 वर्षीय इशांत के मामले में यह समझा जाता है कि उनके रणजी खेलने का कोई मतलब नहीं है। अब वह राष्ट्रीय टीम की योजनाओं में शामिल नहीं हैं। इशांत पहली दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में भी नहीं खेले थे। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के लिए खुद को उपलब्ध कराते हैं या नहीं। यह टूर्नामेंट आईपीएल नीलामी से ठीक पहले होगा। उनके प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।