चंडीगढ़ : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से जबरन हटाए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान पर सीधा प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान ने दिया है। ऐसे में बलपूर्वक कार्रवाई कर आंदोलन को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 19 दिनों से सोनम वांगचुक का अनशन केवल एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं है, बल्कि यह देश के लाखों छात्रों और युवाओं की उस पीड़ा का प्रतीक है, जो लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की खामियों और जवाबदेही के अभाव के कारण अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी पूंजी होता है। सरकार का दायित्व है कि वह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे। जब बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती हैं, परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब सबसे अधिक नुकसान उन लाखों मेहनती विद्यार्थियों का होता है, जो वर्षों की मेहनत के बाद भी न्याय से वंचित रह जाते हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पूरे मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने तथा उनके इस्तीफे की मांग कर रही है, ताकि परीक्षा प्रणाली में जनता का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी ने युवाओं एवं छात्रों की आवाज उठाने के उद्देश्य से राजस्थान के कोटा से "छात्रों की गूंज" अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में बीते कल शुक्रवार को उत्तराखंड में भी उन्होंने छात्रों को के साथ संवाद स्थापित किया और पेपर लीक तथा अन्य विषयों पर छात्रों जागरूक किया।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले डेढ़ महीने से छात्रों और युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जब तक पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं स्थायी सुधार लागू नहीं किए जाते, तब तक कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
राव नरेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक से उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनशन समाप्त करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी चिंता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं की चिंता है। कांग्रेस पार्टी उनके भविष्य की सुरक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करती रहेगी।