चरखी दादरी : जब सभी पदाधिकारी एक मंच पर बैठकर खुलकर चर्चा करते हैं तो नए रास्ते निकलते हैं और संगठन पहले से अधिक मजबूत होकर आगे बढ़ता है। ये उद्गार अग्रवाल वैश्य समाज द्वारा प्रदेशभर में चल रही संगठन संवाद की कड़ी में आज स्थानीय अग्रसेन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने कहे।
महेन्द्रगढ़, चरखी दादरी और भिवानी जिले के पदाधिकारियों के इस संवाद कार्यक्रम में बुवानीवाला ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल संगठनात्मक समीक्षा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक जिले की कार्यशैली, चुनौतियों और संभावनाओं का विश्लेषण कर आगामी रणनीतियों को तय करना है। संवाद के माध्यम से ऐसे नए विचारों को भी स्थान दिया जाएगा जो संगठन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक अधिक मजबूती से पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन केवल संख्या से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के आपसी विश्वास, संवाद और सक्रिय भागीदारी से बनता है। इसलिए संगठन के संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी इस अभियान का महत्वपूर्ण स्तंभ है और उसकी भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ संगठन की कार्यशैली में भी नवाचार की आवश्यक है। समाज की नई पीढ़ी को जोडऩा, सेवा कार्यों का विस्तार करना, डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग करना तथा प्रत्येक जिले में नियमित गतिविधियां सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने कहा कि अब समय केवल दर्शक बने रहने का नहीं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनने का है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के सक्षम और योग्य लोग राजनीति में आगे नहीं आएंगे, तब तक समाज की अपेक्षाओं को पूरी तरह प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाएगा। संगठन का लक्ष्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल का मंच नहीं है, बल्कि समाज के हितों, सम्मान और अधिकारों की आवाज को मजबूत करने का माध्यम है इसलिए संगठन का उद्देश्य किसी दल का समर्थन करना नहीं, बल्कि समाज के योग्य और कर्मठ लोगों को नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद सिंगला ने कहा कि राजनीतिक सहभागिता से समाज की आवाज सरकार और नीति निर्माण तक अधिक मजबूती से पहुंचेगी। आने वाले समय में समाज का नेतृत्व तैयार करने और उन्हें राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में पानीपत से पहुंचे प्रभारी अमरनाथ गुप्ता ने कहा कि समाज एकजुट होकर अपनी सोच और नेतृत्व विकसित करे तो उसकी आवाज हर स्तर पर सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अग्रवाल वैश्य समाज युवाओं को सामाजिक कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक नेतृत्व के लिए भी तैयार करेगा।
महासचिव बलराम गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक जिले के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाएगी और समय-समय पर उसकी समीक्षा भी की जाएगी, ताकि संगठन निरंतर गतिशील और परिणाम जनक बना रहे जिससे की संगठन की मजबूती समाज के साथ प्रभावी ताकत बनी रहे। सहप्रभारी हरिओम मित्तल भाली ने कहा कि यह संवाद केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई गति देने वाला ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध होगा।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश पंडवानिया एवं प्रमोद बंसल, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष मीनू बंसल बाढडा, नीता गुप्ता नारनौल, प्रदेश महिला सचिव रितु बंसल, संगठन सचिव संतोष जैन, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि गर्ग मोनू, युवा संगठन सचिव आकाश गर्ग, चरखी दादरी जिलाध्यक्ष, सुरेश कुमार ऐरन, भिवानी जिलाध्यक्ष नरेश केडिया, महेन्द्रगढ़ जिलाध्यक्ष संदीप नूनीवाला, नेहा गोयल, संदीप गोयल, गणेश गोयल, पंकज गोयल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष एवं प्रभावी लेखनी से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ पत्रकार अंकित डूडलानी को समाज की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं, नीट परीक्षा में चरखी दादरी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाने वाली होनहार छात्रा लक्की गर्ग को भी सम्मानित किया गया।