श्रीलंका की एक अदालत ने बुधवार को 2015 के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में दो पूर्व मंत्रियों को सश्रम कारावास की सजा सुनाई। कोलंबो उच्च न्यायालय ने वर्ष 2010 से 2015 तक खेल मंत्री रहे महिंदानंद अलुथगामगे को 20 साल सश्रम कारावास जबकि 2022 से 2024 तक व्यापार मंत्री रहे नलिन फर्नांडो को 25 साल कारावास की सजा सुनाई।
अदालत के मुताबिक, दोनों 2015 के राष्ट्रपति चुनावों के दौरान मतदाताओं को लुभाने के इरादे से खेल सामग्री खरीद कर वितरित करने के मामले में संलिप्त थे जिससे राजकोष को 5.3 करोड़ श्रीलंकाई रुप की हानि हुई। आरोप के मुताबिक, एक सितंबर से 31 दिसंबर 2014 के बीच खेल क्लब को वितरित करने के लिए कम से कम 14,000 कैरम बोर्ड और 11,000 ड्राफ्ट बोर्ड खरीदे गए। उस समय, फर्नांडो उस सरकारी स्वामित्व वाली थोक व्यापार एजेंसी के प्रमुख थे जिसके माध्यम से यह खरीद की गई थी।
यह मामला सबसे पहले 2019 में दायर किया गया था, जिसे तकनीकी कारणों से 2022 में वापस ले लिया गया था। हालांकि, राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के नेतृत्व वाली वर्तमान नेशनल पीपुल्स पावर (NPP) सरकार ने पिछले वर्ष के चुनाव के दौरान, भ्रष्टाचार के रुके हुए मामलों को फिर से शुरू करने का वादा किया था। अलुथगामगे और फर्नांडो पर रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले आयोग द्वारा मुकदमा चलाया गया।