हरियाणा विधान सभा के 27 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र के मद्देनजर विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को सुरक्षा संबंधी बैठक बुलाई। इस बैठक में उन्होंने सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए हरियाणा, पंजाब, यूटी चंडीगढ़ और सीआईएसएफ के शीर्ष अधिकारियों से चर्चा की। विस अध्यक्ष ने इन अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। बैठक में तय हुआ कि विधान सभा के मानसून सत्र को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने हरियाणा, पंजाब, यूटी चंडीगढ़ और सीआईएसएफ पुलिस के अधिकारियों की समन्वय कमेटी बनाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से सत्रावधि के लिए दो शिफ्टों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। किसी भी मामले में कार्रवाई के लिए चंडीगढ़ पुलिस भी मौके पर मौजूद रहेगी। विधान सभा परिसर में किसी भी प्रकार के रोष प्रदर्शन की अनुमति नहीं रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए पहले से पूरी तैयारी रखें। बैठक में तय हुआ है कि सत्र के दौरान किसी भी आम या खास को हथियार के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए विधान सभा सचिवालय की ओर से सभी विधायकों को एक पत्र भी लिखा गया है।
बैठक में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) सौरभ सिंह, आईजीपी सिक्योरिटी पंकज नैन, चंडीगढ़ यूटी प्रशासन के जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव, हरियाणा विधान सभा सचिव डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव, सीआईएसएफ डिप्टी कमांडेंट नितिन कुमार, पंजाब विधान सभा डब्ल्यूडब्ल्यूओ रूपिंदर सिंह तथा हरियाणा विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।