रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले के गांव खिड़वाली में तीन दिन से लापता 52 वर्षीय व्यक्ति का शव शनिवार सुबह गांव के जोहड़ से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहताश निवासी खिड़वाली के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, एफएसएल टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार रोहताश 10 जून की रात से लापता था। परिजनों का कहना है कि उसे आखिरी बार गांव के ही कुछ लोगों के साथ देखा गया था। लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर भतीजे अशोक ने शुक्रवार को सदर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रोहताश को अंतिम बार गांव के तीन लोगों के साथ देखा गया था और उनसे पूछताछ की मांग भी की गई थी। शनिवार सुबह गांव के डोभी वाले जोहड़ में एक शव तैरता मिला, जिसके बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान रोहताश के रूप में हुई। इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि 10 जून की रात रोहताश गांव के बलराज, श्रीओम और रविंद्र उर्फ बदलू के साथ शराब पी रहा था। उनका कहना है कि किसी विवाद के चलते उसकी हत्या कर शव को जोहड़ में फेंका गया।
परिजनों ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।