हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य सरकार द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स की गणना को कलेक्टर रेट से जोड़ने के फैसले का तीखा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त 2026 से लागू इस नई व्यवस्था से रिहायशी संपत्तियों पर 25 से 50 प्रतिशत और व्यावसायिक संपत्तियों पर टैक्स में 3 से लेकर 20 गुना तक की भारी वृद्धि होगी, जो सीधे तौर पर आम आदमी, दुकानदारों और मकान मालिकों की जेब पर डाका है। राव नरेंद्र सिंह ने उदाहरण देते हुए बताया कि पुराने शहर के चक्रवर्ती मोहल्ले में 25.5 वर्गमीटर के मकान का टैक्स 73.60 रुपये से बढ़कर 220.14 रुपये हो गया है। वहीं सेक्टर-13 में 263 वर्गगज के मकान का टैक्स 132 रुपये से बढ़कर करीब 2668 रुपये पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 2026 को ही कलेक्टर रेट बढ़ाए गए थे, ऐसे में हर साल कलेक्टर रेट के साथ टैक्स बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि कलेक्टर रेट आधारित प्रॉपर्टी टैक्स की नई व्यवस्था को तत्काल वापस लिया जाए और छोटे दुकानदारों व आम जनता को राहत दी जाए।