कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूचियों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बीच हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने 24 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए थे। मंत्री विज ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की गतिविधियों से ऐसा लगता है कि वह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को हटाकर तानाशाही व्यवस्था लागू करना चाहते हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी की नसों में उनकी दादी इंदिरा गांधी की तानाशाही वाली तासीर है और वह बार-बार स्वतंत्र लोकतांत्रिक संस्थाओं पर प्रहार कर रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार के समर्थन में उतरे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, कहा मतदाता सूचियों को दुरुस्त करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग पर मंत्री अनिल विज ने उनका बचाव किया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने अपने संवैधानिक अधिकार के तहत मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने का काम किया है। मंत्री विज के मुताबिक मतदाता सूची में गलत नाम नहीं होने चाहिए और जिन लोगों का निधन हो चुका है या जो अपना पता छोड़कर दूसरी जगह चले गए हैं, उनके नाम हटाए जाने चाहिए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन राज्यों में विपक्षी दल चुनाव जीते हैं, वहां भी मतदाता सूचियां चुनाव आयोग ने ही तैयार की थीं। अगर विपक्ष को इन सूचियों पर भरोसा नहीं है तो इन्हीं सूचियों के आधार पर चुनाव जीतने वाले नेताओं को पहले अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए..एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम हटाए जाने के सवाल पर भी मंत्री विज ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति दिए गए पते पर नहीं रहता, वहां से कहीं और चला गया है या उसकी मृत्यु हो चुकी है तो उसका नाम मतदाता सूची से हटना चाहिए। उन्होंने इसे चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का हिस्सा बताया। ऊर्जा मंत्री विज ने ज्ञानेश कुमार के काम को सम्मान योग्य बताते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही मतदाता सूचियों को दुरुस्त करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है।
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर कसा तंज
राहुल गांधी के कभी प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने व्यंग्य करते हुए कहा कि देश ने अभी ऐसे पाप नहीं किए हैं कि राहुल गांधी जैसे व्यक्ति प्रधानमंत्री बनें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर भी विज ने राहुल गांधी पर निशाना साधा कि राहुल गांधी अब राजनेता के तौर पर काम करने के बजाय कॉमेडियन के तौर पर काम कर रहे हैं। राहुल गांधी के ‘Gen-Z’ से जुड़ने के दावे पर विज ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि वहां एबीवीपी ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में एबीवीपी की जीत की रिपोर्ट भी सामने आई है।
रॉबर्ट वाड्रा पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की बात
हरियाणा में रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े जमीन मामले में कार्रवाई के सवाल पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार संविधान और कानून के मुताबिक काम करती है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कार्रवाई होती है और कानून के तहत जो भी सजा बनती है, वह दी जाएगी। गिरफ्तारी के सवाल पर भी विज ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया।
‘काकरोच जनता पार्टी’ पर मंत्री अनिल विज का तंज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने युवाओं में चर्चित ‘काकरोच जनता पार्टी’ को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि अभी तक इस पार्टी का केवल तमाशा ही सामने आया है और उसने कोई सकारात्मक काम नहीं किया है। कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा स्कूलों के निरीक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास शिक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव हैं तो वे अपने सुझाव दे सकते हैं, लेकिन अलग-अलग राज्यों में जाकर स्कूलों का निरीक्षण करना और इसे तमाशे की तरह पेश करना उचित तरीका नहीं है।
पंजाब में गठबंधन पर मंत्री विज ने हाईकमान के फैसले को बताया सही
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन के सवाल पर विज ने कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से जो कहा जा रहा है, वही सही है। उन्होंने पंजाब में भाजपा के गठबंधन को लेकर पार्टी के मौजूदा रुख का समर्थन किया।