चंडीगढ़ : हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने आज सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की मांगों एवं सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर हरियाणा सरकार पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन (पंजीकरण संख्या-41), मुख्य कार्यालय चरखी दादरी के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों, पदोन्नति, सेवा संबंधी मामलों एवं अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करने के उपरांत सिंचाई मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों द्वारा उठाए गए सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए। मंत्री ने पदोन्नति से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा इस संबंध में आवश्यक निर्देश तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिलना चाहिए, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन मामलों में नीतिगत निर्णय अपेक्षित हैं, उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए तत्काल मानव संसाधन विभाग एवं वित्त विभाग को भेजा जाएगा, ताकि संबंधित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, विभाग के सभी इंजीनियर-इन-चीफ तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।