तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने टीम इंडिया के सामने 272 रन का टारगेट रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली बांग्लादेश की टीम ने 19 ओवर में 69 पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से मेहदी हसन मिराज और महमूदुल्लाह ने सातवें विकेट के लिए 148 रन की पार्टनरशिप कर डाली।
बांग्लादेश ने आखिरकार 50 ओवर में 7 विकेट 271 रन बनाए। मेहदी हसन मिराज (100) ने अपना पहला वनडे शतक जमाया। जबकि महमूदुल्लाह ने 77 रन बनाए। भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जबकि उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज को 2-2 सफलताएं मिलीं।
जवाब में भारत ने 18 ओवर में 3 विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। श्रेयस अय्यर और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
13 के स्कोर पर लौटी भारत की ओपनिंग जोड़ी
भारत की ओपनिंग जोड़ी 13 रन के टीम स्कोर पर पवेलियन लौट गई। विराट कोहली 5 रन बनाकर आउट हुए तो शिखर धवन ने 8 रन बनाए। कोहली लगातार दूसरे मुकाबले में दहाई के स्कोर तक नहीं पहुंच पाए। पिछले मैच में वे 9 रन ही बना सके थे। वे कप्तान रोहित शर्मा की जगह उतरे थे। रेगुलर ओपनर रोहित फील्डिंग के वक्त चोटिल हो गए थे। वे ओपनिंग के लिए नहीं आए।
कैसे गिरे टीम इंडिया के विकेट
- विराट कोहली : इबादत हुसैन ने बोल्ड कर दिया।
- शिखर धवन : रहीम ने मेहदी हसन मिराज के हाथों कैच कराया।
- वाशिंगटन सुंदर : शाकिब ने लिटन दास के हाथों कैच कराया।
बांग्लादेश की ओर से भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी
महमूदुल्लाह 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें उमरान मलिक ने विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराया। उमरान ने 148 रनों की साझेदारी तोड़ी। यह बांग्लादेश की ओर से भारत के खिलाफ वनडे में किसी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। पिछला रिकॉर्ड 133 रन का था। अनामुल हक और मुशफिकुर रहीम ने 2014 में वह पार्टनरशिप की थी।
टीम इंडिया के लिए फिर मुसीबत बने मेहदी हसन
मेहदी हसन एक बार फिर टीम इंडिया के लिए मुसीबत बने। उन्होंने शतक जमाया। पिछले मुकाबले में 187 के टारगेट का पीछा कर रही बांग्लादेश ने 128 पर छह विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद खेलने आए मेहदी हसन ने 38 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम की डूबती नैया पार लगाई थी। उन्होंने अफीफ हुसैन, इबादत हुसैन और हसन महमूद के साथ उपयोगी साझेदारियां कीं।
सुंदर ने एक ओवर में लिए 2 विकेट, हैट्रिक से चूके
वाशिंगटन सुंदर ने 2 बॉल पर 2 विकेट लिए। उन्होंने 19वें ओवर की 5वीं बॉल पर मुशफिकुर रहीम (12) को धवन के हाथों कैच कराया और आखिरी बॉल पर अफीफ हुसैन (0) को बोल्ड कर दिया। हालांकि सुंदर अपनी हैट्रिक पूरी नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने 3 विकेट लिए। पहले उन्होंने शाकिब अल हसन (8) को धवन के हाथों कैच कराया था।
ऐसे गिरे बांग्लादेश के विकेट...
- अनामुल हक: सिराज ने गुड लेंथ के पास की इनस्विंग बॉल, जो हक के घुटने पर लगी, अंपायर ने LBW दिया।
- लिटन दास : सिराज ने क्लीन बोल्ड कर दिया।
- नजमुल हसन शान्तो : उमरान मलिक ने शान्तो को बोल्ड कर दिया।
- शाकिब अल हसन : सुंदर की बॉल पर धवन ने कैच किया। हालांकि पहले उनसे कैच छिटका, लेकिन धवन ने दूसरे प्रयास में कैच किया।
- मुशफिकुर रहीम: धवन ने विकेट के पीछे सुंदर की बॉल पर कैच किया।
- अफीफ हुसैन : सुंदर ने बोल्ड कर दिया।
- महमूदुल्लाह : उमरान मलिक ने विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराया।
कुलदीप पीठ में खिंचाव के कारण हटे
तेज गेंदबाज कुलदीप सेन पीठ में खिंचाव के कारण दूसरे वनडे में नहीं खेल रहे हैं। पहले मुकाबले में बाद 26 साल के इस गेंदबाज ने पीठ में खिंचाव की शिकायत की थी। ऐसे में बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें रेस्ट करने की सलाह दी है। वे ऑब्जर्वेशन में हैं।
2 बदलाव के साथ उतरी टीम इंडिया, बांग्लादेश में एक चेंज...देखिए प्लेइंग-11
टीम इंडिया ने प्लेइंग में 2 बदलाव किए हैं। जबकि बांग्लादेश में एक चेंज है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने तेज गेंदबाज कुलदीप सेन की जगह उमरान मलिक और शाहबाज अहमद की जगह अक्षर पटेल को मौका दिया है। वहीं, बांग्लादेश में हसन महमूद की जगह नजमुल हसन प्लेइंग में शामिल किए गए हैं।
बांग्लादेशः नजमुल हुसैन शान्तो, लिटन दास (कप्तान), अनामुल हक, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम, महमूदुल्लाह, अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, इबादत हुसैन, नसूम अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, उमरान, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर और मोहम्मद सिराज।