नई दिल्ली: पहले तीन क्वार्टर में दर्जन भर से अधिक पेनल्टी कॉर्नर गंवाने के बाद भारत ने आखिरी क्वार्टर में दो गोल करके जापान को 2-0 से हराकर मंगलवार को महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब फाइनल में भारत का सामना बुधवार को चीन से होगा। पहले तीन क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद 48वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर भारत का खाता खोला, जबकि 56वें मिनट में लालरेम्सियामी ने सुनेलिटा टोप्पो के बेहतरीन पास पर दूसरा गोल किया। उधर दूसरे सेमीफाइनल में पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन ने मलेशिया को 3-1 से हराया।
48वें मिनट तक गोल के लिए तरसी भारतीय टीम आखिरी ग्रुप मैच में जापान को 3-0 से हराने वाली भारतीय टीम 48वें मिनट तक गोल के लिए तरसती रही। भारत को पूरे मैच में 16 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका। बुधवार को चीन के खिलाफ फाइनल से पहले कोच हरेंद्र सिंह के लिए यह चिंता का सबब होगा।