चंडीगढ़ : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस पर दिए जा रहे बयानों को तथ्यों से परे, निराशा से भरा और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास बताया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस भाजपा के शासन में हरियाणा बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों, किसानों की बदहाली, HPSC विवाद, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, महंगाई और भ्रष्टाचार की पहचान बन गया हो, उसे कांग्रेस के नेतृत्व और विचारधारा पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश के संविधान, सामाजिक न्याय, समान अवसर, लोकतंत्र, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, युवाओं और गरीबों के अधिकारों की रक्षा पर आधारित है। यही विचारधारा है जिसने देश को लोकतंत्र, सूचना का अधिकार, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार और आर्थिक विकास जैसे ऐतिहासिक निर्णय दिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा आज हरियाणा के वास्तविक मुद्दों बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय, युवाओं की भर्तियों, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर जवाब देने से बच रही है। भाजपा आज भी प्रचार, फोटो और झूठे नैरेटिव की राजनीति कर रही है। जनता के सवालों का उत्तर देने के बजाय विपक्ष पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमले किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री और हरियाणा सरकार ईंधन बचत की अपील कर रही हैं तथा प्रदेश में 30 सितंबर तक रैलियों, रोड शो, जुलूस, सार्वजनिक आयोजनों और भीड़-भाड़ को लेकर प्रतिबंधात्मक निर्देश जारी किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता द्वारा पूरे हरियाणा में बड़े-बड़े काफिलों के साथ भव्य स्वागत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। यदि सरकार के निर्देश जनता के लिए हैं तो क्या वे भाजपा नेताओं पर लागू नहीं होते? भाजपा को पहले इस दोहरे मापदंड का जवाब देना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में सामने आए IDFC फर्स्ट बैंक पंचकूला सरकारी धन घोटाले ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में आए दिन नए-नए घोटाले सामने आ रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगाने में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार को लेकर न्याय की मांग कर रहा है। प्रदेश के योग्य, प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं को नौकरियों के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जबकि प्रदेश के युवाओं के बीच यह भावना लगातार मजबूत हो रही है कि रोजगार के अवसरों में उन्हें अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल रही और बाहरी राज्यों के लोगों को अधिक अवसर दिए जा रहे हैं। दूसरी ओर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। किसान अपनी फसल का उचित मूल्य और आय के लिए संघर्ष कर रहा है। महंगाई की मार हर घर तक पहुंच चुकी है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और राज्य की आर्थिक स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। बढ़ते कर्ज का बोझ हरियाणा की वित्तीय सेहत को कमजोर कर रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 11 वर्ष 8 महीने के शासन में हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर नहीं, बल्कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आर्थिक बदहाली, अव्यवस्था और कुशासन की ओर धकेल दिया है। जनता अब प्रचार, इवेंट मैनेजमेंट और झूठे नैरेटिव नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणाम चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में युवाओं को कितनी पारदर्शी नौकरियां मिलीं, किसानों की आय कितनी बढ़ी, महिलाओं की सुरक्षा में क्या सुधार हुआ, कानून-व्यवस्था क्यों लगातार बिगड़ी, प्रदेश पर कर्ज क्यों बढ़ता गया और हरियाणा की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर क्यों होती चली गई।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से जनता की आवाज उठाती रहेगी। हरियाणा की जनता आने वाले समय में अहंकार, झूठे प्रचार, भ्रष्टाचार और विफलताओं की राजनीति का लोकतांत्रिक जवाब देगी।