नई दिल्ली – भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद ने टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट 2025 के मास्टर्स सेक्शन में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को हराकर अपना पहला खिताब जीता। वल्र्ड चैंपियन बनने के बाद गुकेश का यह पहला टूर्नामेंट था। प्रज्ञानानंद और गुकेश दोनों 8.5/13 अंकों के साथ मास्टर्स लीडरबोर्ड में शीर्ष पर थे। इस बराबरी को तोडऩे के लिए टाईब्रेकर खेला गया।
यह मुकाबला बेहद नाटकीय रहा। गुकेश ने प्रज्ञानानंद की एक गलती का फायदा उठाकर पहला गेम जीत लिया, लेकिन प्रज्ञानानंद ने हार नहीं मानी। दूसरे गेम में, प्रज्ञानानंद ने ट्रॉम्पोवस्की ओपनिंग का इस्तेमाल किया। उन्होंने बड़ी ही सूझबूझ से खेलते हुए मुकाबले को ‘सडन डेथ’ तक पहुंचाया। ‘सडन डेथ’ के मुकाबले में गुकेश ने क्वीन साइड पर बेहतरीन खेल दिखाते हुए बढ़त बना ली थी। लेकिन प्रज्ञानानंद ने संयम और सटीक तकनीक से जीत हासिल कर ली।