पुणे: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और बैटर शुभमन गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे। पहले टेस्ट के दूसरे दिन पंत के घुटने में चोट लग गई थी। वहीं गिल की गर्दन में अकडऩ की शिकायत थी। वे पहले टेस्ट में नहीं खेले थे। भारत के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट ने मंगलवार को कहा, ऋषभ काफी ठीक हैं। मुझे लगता है कि रोहित ने दूसरे दिन इस पर बात की थी। घुटने के मूवमेंट में उन्हें थोड़ी परेशानी हो रही थी, लेकिन उम्मीद है कि वह पुणे टेस्ट में खेलने के लिए फिट होंगे।
बंगलुरु में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन पंत के घुटने में चोट लगी थी, जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे। डोशेट ने गिल की फिटनेस पर कहा, गिल ने पिछले सप्ताह बंगलुरु में नेट में बैटिंग की थी। उन्हें थोड़ी दिक्कत हो रही है, लेकिन मुझे लगता है कि वे दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।