रेवाड़ी : नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश लेकर रविवार को रेवाड़ी में राज्यस्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ थीम पर आयोजित 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रेवाड़ी की धरती से उठी नशे के खिलाफ आवाज अब पूरे हरियाणा में सुनाई देगी। उन्होंने कहा कि सरकार नशे को केवल अपराध नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और परिवारों के दर्द से जुड़ी गंभीर समस्या मानकर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेश में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का गठन किया गया है। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के उपचार और पुनर्वास के लिए प्रदेश में 160 नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मिशन टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त हरियाणा’ के लक्ष्य को लेकर सरकार ‘एक्शन प्लान-2029’ पर काम कर रही है।
‘हरियाणा उदय’ अभियान के तहत अब तक 2,485 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 16 लाख 61 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की है। युवाओं को भटकाव से बचाने के लिए शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संकल्प दिलाते हुए कहा कि ‘न नशा करेंगे, न नशा बिकने देंगे’ के संदेश को हर घर और हर गांव तक पहुंचाना होगा। वहीं, मुख्यमंत्री के रेवाड़ी कार्यक्रम में एक बार फिर गुरुग्राम सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की गैरहाजिरी चर्चा का विषय बनी रही।
प्रशासन की ओर से उन्हें कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। पिछले कुछ दिनों में रेवाड़ी में मुख्यमंत्री के लगातार तीन कार्यक्रम हुए हैं और तीनों ही कार्यक्रमों में राव इंद्रजीत सिंह की गैरहाजिरी सामने आई है। इसे लेकर दक्षिण हरियाणा के राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री और राव इंद्रजीत सिंह के बीच कथित दूरी को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
वहीं, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में मिल रही तवज्जो और राव इंद्रजीत सिंह की लगातार गैरहाजिरी भी स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, दोनों नेताओं की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से राव इंद्रजीत सिंह की गैरहाजिरी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।