सिरसा। ।(सतीश बंसल).। केंद्रीय सचिवालय, चंडीगढ़ में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, एसीएस और निदेशक की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा में शिक्षा के क्षेत्र में व वार्षिक परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दस श्रेष्ठ विद्यालयों को सम्मानित किया गया। इस समीक्षा बैठक में जिला सिरसा की तरफ से जिला शिक्षा अधिकारी वेद दहिया, खंड शिक्षा अधिकारी मनीषा नी दीपा व विद्यालय मुखिया प्रदीप कुमार शामिल हुए। समीक्षा बैठक में शिक्षामंत्री ने जिला सिरसा के शिक्षा के क्षेत्र में अत्यधिक पिछड़े खंड बड़ागुढ़ा में स्थापित आरोही मॉडल स्कूल झिड़ी व स्कूल के सभी स्टाफ सदस्यों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने आरोही मॉडल स्कूल झिडी की उपलब्धियों को हरियाणा के सभी स्कूलों में सर्वश्रेष्ठ बताते हुए आगामी स्वतंत्रता दिवस को जिला स्तरीय आयोजन में विद्यालय के सभी अध्यापकों को 11000-11000 रुपए की सम्मान राशि पुरस्कार देकर सम्मानित करने की घोषणा की। यह ईनाम राशि पाने वाला आरोही मॉडल स्कूल झिड़ी हरियाणा का एकमात्र विद्यालय है। सिरसा के जिला शिक्षा अधिकारी वेद दहिया ने भी आरोही मॉडल स्कूल झिड़ी के शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा आरोही मॉडल स्कूल झिड़ी ने शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा राज्य में सिरसा का नाम रोशन किया और उन्होंने स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। खंड शिक्षा अधिकारी मनीषा नी दीपा ने समस्त स्टाफ व विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रदर्शन की कामना की। सरपंच लखविंदर सिंह, ग्राम पंचायत झिड़ी ने विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपनी तरफ से बधाई दी। विद्यालय मुखिया प्रदीप कुमार ने बताया कि हमारा विद्यालय अपने स्थापना वर्ष से ही अनेक उपलब्धियां हासिल करता रहा है। इस वर्ष बारहवीं कक्षा में विद्यालय के 66 में से 52 विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान हासिल किया। विद्यालय के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने जिला स्तर के पहले चार स्थान में जगह बनाई। गत वर्ष भी विद्यालय के वाणिजय संकाय के विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर पहले तीनों स्थान हासिल किए थे। विद्यालय की पूर्व छात्रा परनीत कौर ने बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करके पहले भी जिला सिरसा का नाम रोशन किया किया। राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यालय हरियाणा राज्य की तरफ से पिछले तीन वर्षों से लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहा है। इससे पूर्व विद्यालय खेल के क्षेत्र में, सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान प्रदर्शनी व अन्य आयोजनों में भी अपनी शानदार उपस्थिति देता रहा है। उन्होंने विद्यालय की इन सभी उपलब्धियों का श्रेय विद्यालय के सभी मेहनती व कर्मठ अध्यापकों एवं कर्मचारियों को दिया।