सासाराम। राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने वोट चोरी रोकने के लिए भाजपा को भगाने और वोट चोरों को हटाने का आग्रह करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को एकजुट होकर काम करने और वोट चोरी की साजिश करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर वोटों की चोरी रोकना सबकी जिम्मेदारी है इसलिए मिलकर वोट चोरों को सत्ता से हटाना है और भाजपा को भगाना है।
लालू यादव ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की बिहार में रविवार से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा शुरू होने से पहले यहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “चोरों को हटाएं, भाजपा को भगाएं। भाजपा वोटों की चोरी करती है और उसे इस बार बिहार में आने नहीं देना है। भाजपा को रोकना है इसलिए सब लोगों, एक हो जाओ। उन्होंने जनता का भी आह्वान किया कि वह वोट चोरी करने वालों को उखाड़ फेंके। उन्होंने भोजपुरी कहावत के साथ जनता का आह्वान करते हुए कहा ‘लागल लागल झुलनिया में धक्का बलम कलकत्ता चलल’ मतलब की वोट चोरों के झूले को ऐसा धक्का दीजिए की बालम कोलकाता जाकर रुकें।