पंचकूला : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनीपत जिले के गन्नौर तहसील क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सचिन को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर फर्म की जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में लोन संबंधी जानकारी दर्ज करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
शिकायतकर्ता ने SV&ACB को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पटवारी ने फर्म की जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में लोन से संबंधित विवरण दर्ज करने के एवज में 90,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद SV&ACB की भिवानी यूनिट ने ट्रैप की कार्रवाई की। टीम ने आरोपी पटवारी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई SV&ACB यूनिट भिवानी के नेतृत्व में की गई।
ट्रैप की कार्रवाई गजटेड अधिकारी दयाचंद रोहिल्ला, XEN, HVPNL, भिवानी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच जारी
SV&ACB के अनुसार ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील
SV&ACB ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी वैध कार्य करने के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना बिना किसी भय के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें।
नागरिक ‘सतर्क–हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के साथ फोटो, वीडियो या ऑडियो साक्ष्य भी साझा कर सकते हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए SV&ACB की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर संपर्क किया जा सकता है।
ब्यूरो ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।