बिलासपुर : किरतपुर-मनाली फोरलेन पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। फोरलेन पर देहणी नामक स्थान के समीप पंजाब नंबर के एक वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग कुल्लू दशहरा उत्सव में अपनी सेवाएं देने के बाद वापस पंजाब की तरफ लौट रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन में आई तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस जब देहणी के पास पहुंची, तो अचानक उसमें कोई तकनीकी खामी आ गई। इसके चलते चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा समाया। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की 1033 हैल्पलाइन टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद वाहन के अंदर फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब (पंजाब) भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। चूंकि वाहन पंजाब का था, इसलिए पुलिस पंजाब प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।