शिमला : हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स कल्चर एन्वॉयरमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि क्षेत्र के विकास के साथ साथ सामाजिक गतिविधियों को बढ़वा देने व युवाओं में बढ़ते नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से खेल प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने व उनमें खेलों को बढ़ावा देने के लिये उन्हें आगे लाने का पूरा प्रयास कर रहें है। आज शिमला के साथ लगते बनूटी ग्रामीण खेल महाकुंभ के शुभारंभ अवसर पर लोगों से उन्होंने इन खेल गतिविधियों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस खेल प्रतियोगिता में लगभग 10 हजार खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, कबड्डी और बैडमिंटन के साथ मॉडलिंग तथा लोकनृत्य को भी शामिल किया गया है
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं। खेलों के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने महिलाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हिमाचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने खेलों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।खेल महाकुंभ के माध्यम से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, युवाओं में खेल भावना, आपसी भाईचारे और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी मजबूत होगा।
इस अवसर पर शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल,शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, पूर्व विधायक सोहन लाल,चिरंजीलाल कश्यप,ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा,कांग्रेस महासचिव चंद्र शेखर शर्मा,निर्मला वर्मा,प्रभा वर्मा,बृजलाल, विकास कालटा, प्रदीप वर्मा दवेंद्र वर्मा के अतिरिक्त शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के वरिष्ठ नेता व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व इस क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के प्रधान व बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्य व सेंकडो लोग उपस्थित थे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेश के नव निर्माण में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर यशवंत सिंह परमार, पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर व वीरभद्र सिंह के कार्यो को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाएं रास्तों पर चलना ही उनके लिये हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण में इस समय 600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यो को पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश में 1000 करोड़ से अधिक के विकास कार्यो को गति दी है। उन्होंने कहा कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर प्रदेश के विकास के प्रति पूरी तरह कृत संकल्प है।