झज्जर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झज्जर जिले के सलोढ़ा क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सुमित को 5,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने शिकायतकर्ता की जमीन का विरासत इंतकाल दर्ज करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी सुमित जमीन का विरासत इंतकाल दर्ज करने के लिए 5,000 रुपये की अवैध रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर एसीबी यूनिट झज्जर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और झज्जर स्थित पटवारखाने में कथित तौर पर रिश्वत की राशि लेते समय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी और छाया गवाह भी मौजूद रहे। गिरफ्तार पटवारी की उम्र 38 वर्ष बताई गई है। वह सरकारी कर्मचारी (ग्रुप-C) है और मूल रूप से सोनीपत जिले का निवासी है। फिलहाल वह रोहतक की राम गोपाल कॉलोनी में रह रहा था।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर
इस मामले में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर संख्या 34, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत मांगने पर सतर्क हरियाणा ऐप से करें शिकायत
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से दें। ब्यूरो के अनुसार, शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है और सरकारी तंत्र में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।