Wednesday, November 18, 2026
BREAKING
• कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवम्‍बर को भारत की पहली स्वदेशी एच5एन1 चिकन वैक्सीन राष्‍ट्र को करेंगे समर्पित • प्रधानमंत्री मोदी ने मनीला में भेंट किए अनमोल तोहफे, उपहारों में दिखी भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक • ‘अकवान’ के आज गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावनाएं, आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तटों के लिए अलर्ट • पीएम मोदी ने साझा किया सुभाषित: ‘स्वस्थ शरीर के लिए मन का शांत और प्रसन्न होना जरूरी’ • आईएफएफआई 2026 में चमका हिमालयी सिनेमा, लद्दाखी और कश्मीरी कहानियां बनीं आकर्षण का केंद्र • IPL 2027: रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी, स्टार्क, हेड और पथिराना जैसे दिग्गजों की छुट्टी • अदाणी सीमेंट ने गुजरात के सांघी प्लांट में तैनात किए भारी क्षमता वाले इलेक्ट्रिक ट्रक • नौसेना ने पूरे किए समुद्री में लंबी दूरी की निगरानी के 50 साल • एनसीआर में पारा गिरा; वायु गुणवत्ता में सुधार से मिली राहत • प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

मनोरंजन

आईएफएफआई 2026 में चमका हिमालयी सिनेमा, लद्दाखी और कश्मीरी कहानियां बनीं आकर्षण का केंद्र

18 नवंबर, 2026 05:02 PM

लद्दाख की बर्फीली वादियों में आइस हॉकी का सपना देखने वाली एक बच्ची से लेकर गुलमर्ग के बच्चों की जिंदगी और श्रीनगर के लकड़ी पर नक्काशी करने वाले आखिरी उस्ताद कारीगरों तक, हिमालय की विविध कहानियां गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में दर्शकों के सामने आएंगी। लद्दाखी और कश्मीरी भाषाओं की चार फिल्मों में दो फीचर और दो गैर-फीचर फिल्में शामिल हैं। ये फिल्में हिमालयी क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और आम लोगों के जीवन को पर्दे पर उतारेंगी। इनमें लीना यादव की 11 मिनट की लद्दाखी शॉर्ट फिल्म ‘बिकमिंग’ इंडियन पैनोरमा गैर-फीचर खंड की उद्घाटन फिल्म होगी।

लद्दाखी सिनेमा: पुनर्जन्म और आध्यात्मिक यात्रा की कहानी ‘बिकमिंग’
लीना यादव के लेखन और निर्देशन में बनी ‘बिकमिंग’ 11 मिनट की लद्दाखी फिल्म है। यह इंडियन पैनोरमा गैर-फीचर खंड की शुरुआत करेगी। लद्दाख की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म रिंचेन नाम की एक युवा मां और उसके बेटे अग्याल की कहानी है, जिसका बचपन से ही प्रकृति के साथ गहरा जुड़ाव है। सात साल की उम्र में अग्याल को कुछ असामान्य अनुभव होने लगते हैं। वह प्राचीन लिकिर मठ की ओर आकर्षित होता है और उसे ऐसी यादें आती हैं, जो किसी पिछले जन्म से जुड़ी प्रतीत होती हैं। मठ में वह एक बंद कमरे में रखे बक्से को पहचान लेता है। बक्से के अंदर मौजूद वस्तुओं को देखकर वहां के भिक्षुओं को विश्वास हो जाता है कि अग्याल एक सम्मानित रिम्पोछे का पुनर्जन्म है।

अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू करने वाले अग्याल के माध्यम से फिल्म पुनर्जन्म, नियति और अतीत, वर्तमान तथा भविष्य के बीच संबंधों की पड़ताल करती है। फिल्म में रिंचेन आंग्मो और त्सेरिंग वांगगेल ने अभिनय किया है। लीना यादव पुरस्कार विजेता लेखिका, निर्देशक और निर्माता हैं। उन्होंने ‘पार्च्ड’, ‘राजमा चावल’, ‘हाउस ऑफ सीक्रेट्स’ और ऑस्कर के लिए नामांकित फिल्म ‘टेल इट लाइक अ वुमन’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।

आइस हॉकी के सपने पर आधारित है ‘बर्ड्स ऑन आइस’
साहिल शाह के निर्देशन में बनी ‘बर्ड्स ऑन आइस’ 85 मिनट की लद्दाखी फीचर फिल्म है। इसे इंडियन पैनोरमा फीचर फिल्म्स खंड के साथ-साथ किसी निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फीचर फिल्म की श्रेणी के लिए भी चुना गया है। फिल्म की कहानी लद्दाख की ताशी नाम की एक छोटी बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने दादा के साथ रहती है और चरवाहे माता-पिता के लौटने का इंतजार करती है। उसे जब आइस हॉकी के स्केट्स उधार मिलते हैं, तो उसके मन में एक नया सपना आकार लेने लगता है।

हिमालय की कड़ाके की ठंड में जीवन की चुनौतियों का सामना करते हुए ताशी को परिवार, दुख और संघर्ष से जुड़ी कई कठिन सच्चाइयों का एहसास होता है। हालांकि, हार न मानने के अपने इरादे के साथ वह अपनी सबसे अच्छी दोस्त की मदद से सपना पूरा करने का रास्ता तलाशती है। फिल्म में ताशी की भूमिका सेमजांग स्किडडॉन ने निभाई है। उनके साथ एन. चोपाल, कुंगा चोस्क्याब, पद्मा चोरोल और सोनम स्टोबगाइस भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। शान पसरीचा ने फिल्म की पटकथा लिखी है और इसका निर्माण कैमियो फिल्म्स ने किया है। यह साहिल शाह की पहली फीचर फिल्म है। फिल्म को आकार देने में लद्दाख के आइस हॉकी समुदाय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

गुलमर्ग के बच्चों की जिंदगी दिखाएगी कश्मीरी फिल्म ‘स्लेज’
राजा शब्बीर मोहम्मद खान के निर्देशन में बनी ‘स्लेज’ 75 मिनट की कश्मीरी फीचर फिल्म है। इसका एशिया प्रीमियर आईएफएफआई 2026 में होगा। फिल्म को इंडियन पैनोरमा खंड में शामिल किया गया है और यह भारतीय फीचर फिल्म के सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार की श्रेणी में प्रतिस्पर्धा करेगी। गुलमर्ग के पास बर्फ से ढके एक गांव की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में अली की कहानी दिखाई गई है, जिसकी लकड़ी की स्लेज (बर्फ पर चलने वाली गाड़ी) उसके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। जब अली कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जाता है, तो उसके तीन बच्चों हाज़िक, ईशेल और राइमा को खुलकर खेलने की आजादी मिल जाती है। इसी दौरान खेलते हुए उनसे अनजाने में स्लेज टूट जाती है।

पिता के लौटने से पहले स्लेज ठीक करने की चिंता में तीनों बच्चे गुलमर्ग के पर्यटन क्षेत्र की ओर निकल पड़ते हैं। वहां वे पैसे कमाने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें लोगों की अस्वीकृति और अपमान का सामना करना पड़ता है। इसी बीच उन्हें पैसों और चॉकलेट से भरा एक खोया हुआ बैग मिलता है। बच्चों को लगता है कि इससे उनकी समस्या हल हो जाएगी, लेकिन बैग का इस्तेमाल करने का लालच उनके जमीर और नैतिकता की परीक्षा लेने लगता है। राजा खान सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के पूर्व छात्र हैं। उनके वृत्तचित्र ‘शेफर्ड्स ऑफ पैराडाइज’ को राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म का निर्माण रिहाना प्रोडक्शंस ने किया है। इसमें हाज़िक मोहम्मद खान, ईशेल खान और राइमा खान मुख्य भूमिकाओं में हैं।

कश्मीरी लकड़ी की नक्काशी की विरासत को सहेजती है ‘नक्श-ए-दौर’
बाबा तस्सदुक हुसैन के निर्देशन और सिनेमैटोग्राफी में बनी ‘नक्श-ए-दौर’ 12 मिनट की कश्मीरी डॉक्यूमेंट्री है। इसे इंडियन पैनोरमा गैर-फीचर फिल्म्स खंड में शामिल किया गया है। फिल्म श्रीनगर की पुरानी गलियों में रहने वाले गुलाम नबी डार के जीवन और कला पर आधारित है। वह छह दशकों से अधिक समय से अखरोट की लकड़ी पर बारीक नक्काशी की पारंपरिक कश्मीरी कला को जीवित रखे हुए हैं। पद्म श्री से सम्मानित गुलाम नबी डार लकड़ी पर ऐसे बारीक और आकर्षक डिजाइन उकेरते हैं, जिनमें कश्मीर के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलती है।

यह डॉक्यूमेंट्री उनके हुनर, समर्पण और बदलते समय में पारंपरिक कला को बचाए रखने के प्रयासों को दर्शाती है। इस कला को अपनाने वाले लोगों की संख्या लगातार कम हो रही है। ऐसे में गुलाम नबी डार न केवल स्वयं इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि अगली पीढ़ी को भी यह हुनर सिखा रहे हैं, ताकि कश्मीर की लकड़ी की नक्काशी की विरासत सुरक्षित रह सके। फिल्म का निर्माण बीबीपी स्टूडियो वर्चुअल भारत प्राइवेट लिमिटेड ने किया है, जबकि इसकी कहानी भरतबाला ने लिखी है।

Have something to say? Post your comment

और मनोरंजन खबरें

'आज भी परिवार के साथ फिल्म देखने की है परंपरा', सूरज बड़जात्या की फिल्म को लेकर बोले स्वानंद किरकिरे

'आज भी परिवार के साथ फिल्म देखने की है परंपरा', सूरज बड़जात्या की फिल्म को लेकर बोले स्वानंद किरकिरे

'जी जी रे जी' में लावणी करती दिखेंगी श्रद्धा कपूर, बोलीं-इस किरदार में ढलना जितना रोमांचक था, उतना ही डराने वाला भी

'जी जी रे जी' में लावणी करती दिखेंगी श्रद्धा कपूर, बोलीं-इस किरदार में ढलना जितना रोमांचक था, उतना ही डराने वाला भी

सोनिया-राजीव पर ट्रोलिंग पर भड़कीं सोनाक्षी, कहा- पति और पत्नी का प्यार गलत कैसे हुआ?

सोनिया-राजीव पर ट्रोलिंग पर भड़कीं सोनाक्षी, कहा- पति और पत्नी का प्यार गलत कैसे हुआ?

गणेश आचार्य की गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट की एक और उपलब्धि! बिना किसी कट या बदलाव के मिला U सर्टिफिकेट

गणेश आचार्य की गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट की एक और उपलब्धि! बिना किसी कट या बदलाव के मिला U सर्टिफिकेट

एकता आर कपूर, अमर बुटाला और साजिद खान की ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में देगी दस्तक!

एकता आर कपूर, अमर बुटाला और साजिद खान की ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में देगी दस्तक!

IFFI 2026: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा: ए लेजेंड – चैप्टर 1’ इंडियन पैनोरमा में चयनित

IFFI 2026: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा: ए लेजेंड – चैप्टर 1’ इंडियन पैनोरमा में चयनित

कैंसर को दी मात और शो को मिला ग्रैमी नॉमिनेशन, जेफ रॉस बोले-'जिंदगी अजीब है'

कैंसर को दी मात और शो को मिला ग्रैमी नॉमिनेशन, जेफ रॉस बोले-'जिंदगी अजीब है'

जब प्रियंका चोपड़ा ने अभिषेक बच्चन के फोन से एक अभिनेत्री को मैसेज किया

जब प्रियंका चोपड़ा ने अभिषेक बच्चन के फोन से एक अभिनेत्री को मैसेज किया

नेहा धूपिया को सता रहा रघु राम का डर, बोलीं- काश इस सीजन में वे नहीं होते

नेहा धूपिया को सता रहा रघु राम का डर, बोलीं- काश इस सीजन में वे नहीं होते

गर्व से भरा बेटी का खास पल! ‘प्रताप’ में पहली बार पिता धर्मेंद्र का नाम अपने नाम के साथ देखकर भावुक हुईं ईशा देओल

गर्व से भरा बेटी का खास पल! ‘प्रताप’ में पहली बार पिता धर्मेंद्र का नाम अपने नाम के साथ देखकर भावुक हुईं ईशा देओल