नई दिल्ली(एजेंसी) : विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इन दिनों घाना, कोट डी आइवर और इथियोपिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इसी क्रम में वह इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचे, जहां उन्होंने कॉमनवेल्थ की महासचिव शर्ली अयोर्कर बोचवे से मुलाकात की। जयशंकर अदीस अबाबा में क्षेत्रीय भारतीय मिशनों के प्रमुखों (HOMs) के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।
कॉमनवेल्थ महासचिव से मुलाकात
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर शर्ली अयोर्कर बोचवे से मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अदीस अबाबा की यात्रा के दौरान कॉमनवेल्थ महासचिव से मुलाकात करके उन्हें खुशी हुई।
तीन अफ्रीकी देशों की आधिकारिक यात्रा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, घाना, कोट डी आइवर और इथियोपिया की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान जयशंकर तीनों देशों में अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके अलावा वह इन देशों के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे।
व्यापार से विकास सहयोग तक मुद्दों पर चर्चा
इन बैठकों में आपसी मित्रता और सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इनमें व्यापार एवं आर्थिक संबंध, विकास सहयोग, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हैं। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर साझा हितों से जुड़े विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा।
अफ्रीका और ग्लोबल साउथ के साथ साझेदारी पर जोर
विदेश मंत्री की यह यात्रा अफ्रीकी देशों के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इसके साथ ही यह ग्लोबल साउथ के देशों के साथ भारत की एकजुटता और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
केविन रड से भी हुई मुलाकात
जयशंकर ने एक अन्य पोस्ट में नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. केविन रड से मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच दुनिया में हो रहे घटनाक्रम और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
स्विस राष्ट्रपति से द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा
इससे पहले विदेश मंत्री जयशंकर ने सोमवार को नई दिल्ली में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन से भी मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने पर चर्चा हुई। जयशंकर ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति गाइ परमेलिन के बीच बैठक से भारत और स्विट्जरलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गति मिलेगी।