चंडीगढ़ हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की घोषणा के बाद प्रदेश में इस प्रक्रिया को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से हरियाणा कांग्रेस ने अपनी राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति का विस्तार किया है। यह जानकारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि समिति में विधायक अशोक अरोड़ा, चौधरी आफताब अहमद तथा चंद्र प्रकाश, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल व डॉ. एमएल रंगा, धर्मवीर गोयत, रिटायर्ड आईएएस विनय यादव, एडवोकेट बिजेंद्र रंगा व मोहन ढिल्लों तथा सुरेन्द्र शर्मा को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि इससे पूर्व इस समिति में उनके (राव नरेंद्र सिंह) अतिरिक्त हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक भारत भूषण बत्रा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल एवं प्रफुल्ल गुडधे, तथा एडवोकेट रणधीर सिंह राणा शामिल थे। राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पार्टी हरसंभव कदम उठाएगी तथा पूरी प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखेगी।